हिंदी
मनोज कुमार सिंह (सोर्स: इंटरनेट)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की नौकरशाही में इन दिनों सबसे बड़ा सवाल यही है कि 31 जुलाई 2024 के बाद राज्य का मुख्य सचिव कौन होगा? क्या मौजूदा मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को सेवा विस्तार मिलेगा या फिर प्रदेश को नया मुख्य सचिव मिलेगा? सरकार, प्रशासन और राजनीतिक गलियारों में इस मसले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सेवा विस्तार की सिफारिश, केंद्र की मंजूरी का इंतजार
मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को 30 जून 2024 को प्रदेश का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। वह 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार ने जुलाई के पहले सप्ताह में ही उन्हें सेवा विस्तार देने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज दिया था। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या केंद्र सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है या किसी नए अधिकारी को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
इन तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के नाम रेस में
यदि केंद्र से सेवा विस्तार की मंजूरी नहीं मिलती है तो तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एसपी गोयल, दीपक कुमार और देवेश चतुर्वेदी मुख्य सचिव पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं।
पहले आईएएस अफसर
एसपी गोयल वर्तमान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपर मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उत्तर प्रदेश शासन की प्रमुख फाइलों के संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
दूसरे आईएएस अफसर
दीपक कुमार वर्तमान में वित्त विभाग, माध्यमिक व बेसिक शिक्षा और कृषि उत्पादन आयुक्त (एपीसी) की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। प्रशासनिक अनुभव और वित्तीय समझ के लिहाज से वे एक मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
तीसरे आईएएस अफसर
देवेश चतुर्वेदी वर्तमान में केंद्र सरकार में सचिव, कृषि मंत्रालय के पद पर प्रतिनियुक्ति पर हैं। केंद्र और राज्य दोनों स्तरों का प्रशासनिक अनुभव उनके पक्ष में जाता है।
31 जुलाई के बाद होंगे प्रशासनिक फेरबदल?
शासन से जुड़े उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि फिलहाल नौकरशाही में कोई बड़ा फेरबदल 31 जुलाई के बाद ही संभावित है। इसका सीधा संबंध इस बात से है कि मुख्य सचिव को सेवा विस्तार मिलेगा या नहीं। मौजूदा मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह के पास आईआईडीसी (इंडस्ट्रियल डवलपमेंट), चेयरमैन पिकप (प्रदेश औद्योगिक एवं निवेश निगम) और सीईओ यूपीडा (उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण) जैसे राज्य के बेहद अहम विकासात्मक पदभार भी हैं।
Location : Lucknow
Published : 21 July 2025, 8:24 AM IST