शिक्षक दंपती हत्याकांड: हत्याकांड के बाद पुलिस पर फूटा गुस्सा, शव वाहन रोककर किया प्रदर्शन

सुलतानपुर में शिक्षक दंपती मुकेश सिंह और विनीता सिंह की हत्या के बाद बुधवार को माहौल गरमा गया। अंतिम संस्कार के लिए जा रहे शव वाहन को राईबीगो गांव के पास रोककर सैकड़ों शिक्षकों ने प्रदर्शन किया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 30 September 2026, 3:59 PM IST
google-preferred

Sultanpur: शिक्षक दंपती मुकेश सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह के अंतिम संस्कार के लिए शव ले जा रहे लोगों ने बुधवार को पुलिस के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया। कादीपुर-धोपाप मार्ग पर राईबीगो गांव के पास लोगों ने शव वाहन रोक दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए। लोगों ने हत्याकांड का जल्द खुलासा करने और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।

शव वाहन रोककर जताया विरोध

बुधवार सुबह शव को अंतिम संस्कार के लिए धोपाप घाट ले जाया जा रहा था। इसी दौरान राईबीगो गांव के पास प्रदर्शनकारियों ने शव वाहन रोक दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में शिक्षक और ग्रामीण जुट गए।

प्रदर्शन में शामिल शिक्षकों ने कादीपुर कोतवाली के निरीक्षक नारद मुनि सिंह की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताई। लोगों ने उन्हें तत्काल हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिक्षक दंपती की हत्या से परिवार और शिक्षक समुदाय में गहरा आक्रोश है और मामले की जांच को लेकर भरोसा कायम करना जरूरी है।

ये भी पढ़ें- बेंगलुरु की सड़क पर दिनदहाड़े गुंडागर्दी: ऑटो ड्राइवर और दो लड़कियों के बीच जमकर चले लात-घूंसे, वीडियो वायरल

अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का भरोसा

मामले की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह और क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की। उन्होंने हत्याकांड का जल्द खुलासा करने और मृतक परिवार की सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाया।

प्रदर्शनकारियों की ओर से थाना प्रभारी को हटाने की मांग भी अधिकारियों के सामने रखी गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने इस मांग पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के समझाने के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया।

दो घंटे तक प्रभावित रहा आवागमन

प्रदर्शन के कारण कादीपुर-धोपाप मार्ग पर करीब दो घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। सुबह लगभग 9:30 बजे शुरू हुआ विरोध करीब 11:30 बजे समाप्त हुआ। इसके बाद शव वाहन को आगे जाने दिया गया और शव को अंतिम संस्कार के लिए धोपाप घाट ले जाया गया।

ये भी पढ़ें- यूपी में पहले भी कई नौकरशाह बदल चुके हैं सियासी पारी, दिव्या मित्तल के ऐलान से यूपी में क्यों बढ़ी हलचल?

इस दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षक दंपती की हत्या के बाद साथी शिक्षकों में भी घटना को लेकर नाराजगी देखी गई।

अब जांच के खुलासे पर टिकी नजरें

पुलिस अधिकारियों की ओर से जल्द घटना का अनावरण करने का भरोसा दिए जाने के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ। अब परिवार और शिक्षक समुदाय की नजरें पुलिस की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Location :  Sultanpur

Published :  30 September 2026, 3:59 PM IST

Related News

Advertisement