
सुलतानपुर लूटकांड का खुलासा
Sultanpur: कोतवाली देहात पुलिस ने पखरौली रोड पर तमंचा दिखाकर नकदी और ऑनलाइन रकम लूटने की घटना का खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। घटना में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 14 अगस्त को नित्यानन्द मिश्रा अपने साथी दिवस यादव के साथ टेंट का सामान लेने सुलतानपुर जा रहे थे। दोमुहां चौराहे के पास तीन युवकों ने उनका पीछा किया और पखरौली रोड पर पेट्रोल टंकी के आगे सुनसान स्थान पर बाइक रोककर तमंचा दिखाते हुए उन्हें धमकाया।
आरोपियों से हथियार और लूटी रकम बरामद
आरोप है कि बदमाशों ने नित्यानन्द मिश्रा से 17 हजार रुपये नकद छीन लिए और मोबाइल से गूगल-पे के माध्यम से 40 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले में 15 अगस्त को कोतवाली देहात में मु0अ0सं0 243/2026 के तहत लूट एवं धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने विवेचना और गिरफ्तारी अभियान के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस के मुताबिक विभू मिश्रा निवासी धनुपुर, थाना लम्भुआ को 15 अगस्त की रात करीब 9:21 बजे बीट हाउस भदैया से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 1,300 रुपये बरामद हुए।
वहीं दूसरे आरोपी आदर्श पाण्डेय निवासी पाण्डेयपुर, थाना लम्भुआ को 16 अगस्त को सुबह करीब 11:18 बजे पखरौली रेलवे पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लूट के 1,650 रुपये बरामद किए गए।
क्षेत्राधिकारी लम्भुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि घटना के संबंध में तीन नामजद आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपी से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है, जबकि दूसरे से लूट की रकम बरामद की गई है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है तथा गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर श्रीमती चारू निगम के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी लम्भुआ के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, हेड कांस्टेबल बृजेश यादव, हेड कांस्टेबल विपिन दुबे, कांस्टेबल मनीष कुमार और रिजर्व कांस्टेबल पन्नेलाल शामिल रहे।
Location : Sultanpur
Published : 16 August 2026, 10:53 PM IST