2 घंटे की तूफानी बारिश से सुल्तानपुर में बड़ा अलर्ट! धान की फसल खिल उठी, पर सड़कें बनीं ताल-तलैया

सुल्तानपुर में मंगलवार सुबह हुई 2 घंटे की बारिश ने बदले हालात। सूखती धान की फसलों को मिला संजीवनी वरदान, वहीं शहर में जलभराव से थम गए गाड़ियों के पहिए। पढ़िए मौसम का पूरा हाल।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 4 August 2026, 12:58 PM IST
google-preferred

Sultanpur: सुल्तानपुर में मंगलवार की सुबह मौसम का मिजाज ऐसा बदला कि एक तरफ राहत की फुहारें बरसीं तो दूसरी तरफ नगर पालिका के दावों की पोल खुल गई। सुबह-सुबह करीब दो घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने एक ही वक्त में दो अलग-अलग तस्वीरें पेश कीं। जहां एक तरफ सूखे की मार झेल रहे किसानों के खेतों को जीवनदान मिल गया, वहीं दूसरी तरफ शहर के लोगों के लिए यही बारिश आफत की वजह बन गई।

सूखती धान की फसलों में लौट आई जान

जिले में इस बार मानसून की बेरुखी के कारण सामान्य से लगभग 25 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी। सूखे की आहट से किसान अपनी धान की फसलों को लेकर बेहद चिंतित थे। लेकिन मंगलवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने संजीवनी बूटी का काम किया। खेतों में चारों तरफ लौटी हरियाली को देखकर किसानों के मुरझाए चेहरों पर खुशी लौट आई है। खेती-किसानी के लिहाज से यह बारिश किसी वरदान से कम साबित नहीं हुई है।

एक पल में छिन गई दो जिंदगियां… तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर ने मचाई तबाही, सुल्तानपुर में दो युवतियों की दर्दनाक मौत

छुट्टी का मिला फायदा, पर जलभराव ने बढ़ाई आफत

सौभाग्य से चेहल्लुम के मौके पर अधिकांश सरकारी दफ्तर और स्कूल-कॉलेज बंद थे, जिससे स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वालों को बड़ी राहत मिली। लोगों ने घरों की छतों और बालकनियों से सुहावने मौसम का भरपूर आनंद लिया। हालांकि, बारिश के थमते ही शहर की असली तस्वीर सामने आई। मुख्य सड़कों से लेकर मोहल्लों की गलियों तक पानी भर गया, जिससे गाड़ियां रेंगती नजर आईं और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

कौन था वो नकाबपोश हमलावर…. सुल्तानपुर में देर रात गूंजी गोलियां, पुरानी रंजिश को लेकर हुआ जानलेवा हमला

उघड़ गई जल निकासी के दावों की कलई

सिर्फ दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने शहर के ड्रेनेज सिस्टम और सफाई व्यवस्था की कलई खोलकर रख दी। नालों का गंदा पानी सड़कों पर आने से जनजीवन कुछ घंटों के लिए पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। अब स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर पूरे दिन बारिश हो गई तो शहर का क्या हाल होगा।

Location :  Sultanpur

Published :  4 August 2026, 12:58 PM IST

Advertisement