हिंदी
सुलतानपुर में निकलेगी संत रविदास कलश वंदन यात्रा (IMG: Dynamite News)
Sultanpur: सुलतानपुर में संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने समरसता संकल्प अभियान को तेज कर दिया है। सात माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत अगस्त के पहले पखवाड़े में जिले की सभी पांचों विधानसभाओं के 26 मंडलों में कलश वंदन यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
यहां भी पढ़ें: Sultanpur News: ‘महाकुंभ अमृत सम्मान’ से नवाजी गई गोमती मित्र मंडल संस्था, सम्मान के अगले ही दिन किया श्रमदान
बैठक में तय किया गया कि संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी से भरे कलश के साथ यात्रा निकाली जाएगी। इसौली विधानसभा के धम्मौर, शिवनगर, कुड़वार, पीपरगांव और बल्दीराय मंडलों में पांच-पांच प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर कलश पूजन तथा दर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक पुष्पवर्षा कर कलश का स्वागत करेंगे। पूरे जिले की पांचों विधानसभाओं में कुल 750 स्थानों पर कलश पूजन, मंदिर दर्शन और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का अभियान है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन से समानता, मानवता और भाईचारे का संदेश दिया, जिसे आज भी समाज में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कलश वंदन यात्रा के माध्यम से संत रविदास के विचार गांव-गांव और हर समाज तक पहुंचाए जाएंगे, ताकि सामाजिक सौहार्द और एकता को और मजबूत किया जा सके।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी ओमप्रकाश पाण्डेय 'बजरंगी' ने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में समरसता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
भाजपा जिला मीडिया प्रमुख विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि सुलतानपुर विधानसभा, सदर, कादीपुर, लंभुआ और इसौली विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संबंधित विधायक और पार्टी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रा के सफल आयोजन के लिए समन्वय कर रहे हैं।
यहां भी पढ़ें: Sultanpur: ‘स्मार्ट गांव’ के दावों पर सवाल, शिकायत पर प्रधान बोले “112 बुला लो”, बीडीओ ने मांगा प्रार्थना पत्र
इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में यात्रा के मार्ग, कार्यक्रम और स्वागत की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया गया।
Location : Sultanpur
Published : 3 August 2026, 7:28 PM IST