हिंदी
परियोजना निदेशक के डांस का वीडियो वायरल (Img: Dynamite News)
Sultanpur: विकास भवन स्थित ग्राम्य विकास विभाग के परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह का डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन में खलबली मच गई है। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
बताया जाता है कि परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह विकास भवन में बैठकर ग्राम्य विकास विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभालते हैं। बुधवार को उनका एक वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक समेत सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर वायरल हुआ। वीडियो में परियोजना निदेशक डांस करते हुए नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो को लेकर उनके नशे में होने समेत कई तरह के दावे किए जा रहे हैं, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो कब और कहां बनाया गया, इसकी भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- फिल्मी अंदाज में पीछा कर कार रोकी और बरसा दी गोलियां, जौनपुर के इस सनसनीखेज मर्डर प्रयास ने उड़ाई नींद
सूत्रों के मुताबिक विकास भवन में तैनात एक कर्मचारी मनोज श्रीवास्तव समेत दो बाबुओं को हटाए जाने को लेकर परियोजना निदेशक और कर्मचारियों के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मनोज श्रीवास्तव को पद से हटाने के लिए परियोजना निदेशक की ओर से पत्राचार किया गया था। इसके अलावा दो कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए नगर कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिए जाने की बात भी सामने आई है।
इसी कार्रवाई के बाद परियोजना निदेशक का पुराना बताया जा रहा डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो जाड़े के मौसम का बताया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- ‘माफी अदालत से नहीं, पीड़ितों से मांगिए’ अवैध हिरासत मामले में हाईकोर्ट की तल्ख टिप्पणी से हड़कंप
वायरल वीडियो को लेकर परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह से उनका पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क किया गया। उन्होंने मामले पर “नो कमेंट” कहते हुए कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।
फिलहाल प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया था और उसमें सरकारी सेवा नियमावली या कार्यालय की मर्यादा का उल्लंघन हुआ है या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
Location : Sultanpur
Published : 10 September 2026, 12:56 PM IST