सुल्तानपुर में शिक्षक दंपती की हत्या पर उबाल, धोपाप पुल पर शव रखकर शिक्षकों का हाईवे पर जोरदार प्रदर्शन

सुल्तानपुर के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डड़िया गांव में शिक्षक दंपती की सनसनीखेज हत्या के बाद बुधवार को शिक्षकों और परिजनों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 30 September 2026, 11:50 AM IST

Sultanpur: कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डड़िया गांव में शिक्षक दंपती की हत्या के बाद बुधवार को शिक्षकों और परिजनों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। पोस्टमार्टम के बाद मुकेश सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह के शवों को धोपाप-कादीपुर मार्ग पर धोपाप पुल के पास रखकर शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों और परिजनों ने धरना शुरू कर दिया। शिक्षक संगठन हत्याकांड का जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा है।

धरने की सूचना पर सीओ कादीपुर विनय गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने और धरना समाप्त कराने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि दोहरे हत्याकांड ने शिक्षकों में भय और आक्रोश पैदा कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक पुलिस घटना के पीछे शामिल लोगों का पता लगाकर कार्रवाई नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।

अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

मृतक शिक्षक मुकेश सिंह के भाई की तहरीर पर कादीपुर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस हत्या के कारण और हमलावरों की पहचान के लिए कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें - Sultanpur Murder: सुलतानपुर में शिक्षक नेता और पत्नी की हत्या, घर में मिले दोनों के शव; जांच में जुटी पुलिस

मुकेश सिंह कंपोजिट विद्यालय खनुहट में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे और मोतिगरपुर ब्लॉक शिक्षक संघ के अध्यक्ष भी बताए जाते हैं। उनकी पत्नी विनीता सिंह निजी शिक्षण संस्थान का संचालन करती थीं। दोनों का आवास भी विद्यालय परिसर में था। मंगलवार सुबह स्कूल कर्मचारी के पहुंचने पर परिसर में दोनों के रक्तरंजित शव मिले थे।

घटनास्थल से मिले हथियार, कई पहलुओं पर जांच

पुलिस को घटनास्थल से फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू समेत कुछ हथियार मिले थे। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस के अनुसार दोनों पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका है। एसओजी और सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया है।

प्रारंभिक जांच में दोनों शव विद्यालय परिसर में अलग-अलग स्थानों पर मिलने की बात सामने आई है। कुछ रिपोर्टों में आशंका जताई गई है कि पहले विनीता सिंह पर हमला हुआ और इसके बाद मुकेश सिंह को भी हमलावरों ने निशाना बनाया। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के कारण अथवा किसी व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

शिक्षक संगठन में आक्रोश

मुकेश सिंह शिक्षक संगठन की गतिविधियों में सक्रिय थे और शिक्षक संघ के चुनाव में भी उनकी भूमिका बताई जा रही थी। इसी कारण चुनाव से जुड़े पहलू की भी चर्चा है, लेकिन पुलिस ने अब तक हत्या को शिक्षक संघ के चुनाव से जोड़कर कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं दिया है।

यह भी पढ़ें - Sultanpur: जिला कारागार में बंदी ने फांसी लगाकर दी जान, जेल प्रशासन में हड़कंप

फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता हत्याकांड के कारण और आरोपियों की पहचान करना है। वहीं धोपाप पुल पर शव रखकर जारी धरने के कारण शिक्षक संगठनों का दबाव पुलिस-प्रशासन पर बढ़ गया है। मौके पर सीओ कादीपुर शिक्षक नेताओं से वार्ता कर स्थिति को शांत कराने में जुटे हैं।

Location :  Sultanpur

Published :  30 September 2026, 11:50 AM IST