हिंदी
महिला को खून देता सिपाही
महराजगंज: जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला पर उसके ही प्रेमी ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस की तत्परता और कांस्टेबल की मानवता ने उस महिला की जान बचा ली। इस घटना के बाद जहां पुलिस के मानवीय चेहरे की चर्चा हो रही है, वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का सर्च ऑपरेशन तेज़ कर दिया गया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार घटना बुधवार देर शाम की है। बृजमनगंज थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह कांस्टेबल संदीप गौतम के साथ क्षेत्र में नियमित गश्त पर थे। तभी लेहड़ा जंगल के पास उन्हें एक महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। महिला के गले पर चाकू के गहरे घाव थे और उसकी हालत बेहद गंभीर थी। बिना समय गंवाए पुलिस टीम ने घायल महिला को तत्काल बनकटी अस्पताल पहुंचाया। वहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, और फिर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
महिला की पहचान अनीता गौड़ निवासी सिंहपुर तल्ही थाना पुरंदरपुर के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में अनीता ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से अपने प्रेमी दिनेश प्रजापति के साथ रह रही थी। दोनों पति-पत्नी की तरह एक साथ रहते थे। बुधवार को वे दोनों लेहड़ा मंदिर दर्शन के लिए गए थे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया और दिनेश ने अचानक चाकू से उस पर हमला कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
गंभीर हालत में जब अनीता को मेडिकल कॉलेज लाया गया, तो डॉक्टरों ने तुरंत खून की आवश्यकता बताई। इस पर कांस्टेबल संदीप गौतम ने बिना देरी किए स्वयं रक्तदान कर महिला की जान बचाई। उनकी इस मानवीय पहल की सराहना जनपद में हर ओर हो रही है।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी दिनेश कुमार प्रजापति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।
इस घटना ने एक ओर जहां प्रेम संबंधों में विश्वासघात का कड़वा सच उजागर किया है, वहीं महराजगंज पुलिस की तत्परता और इंसानियत का भी एक शानदार उदाहरण पेश किया है। कांस्टेबल संदीप गौतम की दिलेरी और संवेदनशीलता ने एक अनमोल जीवन को समय रहते बचा लिया।
Location : Maharajganj
Published : 12 June 2025, 1:31 PM IST
Topics : Attack lover Maharajgaj Police constable stabbing