
अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
गोरखपुर: जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना खोराबार पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों को “दुराचारी” घोषित करते हुए उनके खिलाफ “बी” हिस्ट्रीशीट खोल दी है। पुलिस के इस कदम को अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ा और सख्त संदेश माना जा रहा है।
क्या है पूरी खबर?
पुलिस के अनुसार, खोराबार थाना क्षेत्र के पोछिया ब्रह्मस्थान टोला मझौना निवासी जगदीश कुमार पुत्र राम आधार का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, दुराचार तथा पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2018 से लेकर 2025 तक उसके खिलाफ अलग-अलग थानों-खोराबार, झंगहा, बेलीपार, कैण्ट और गगहा में संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ गुण्डा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। लगातार अपराधों में संलिप्तता को देखते हुए पुलिस ने उसे “दुराचारी” की श्रेणी में रखते हुए हिस्ट्रीशीट खोल दी है।
खोराबार थाने में कई मामले दर्ज
इसी क्रम में खोराबार थाना क्षेत्र के कोनी निवासी विश्वजीत पाण्डेय पुत्र रामसुरेश पाण्डेय को भी दुराचारी घोषित किया गया है। उसके खिलाफ भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, लूट, धमकी, तोड़फोड़ तथा एससी/एसटी एक्ट जैसी धाराएं शामिल हैं। वर्ष 2021 से 2024 के बीच उसके खिलाफ खोराबार थाने में कई मामले दर्ज हुए, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति स्पष्ट होती है।
अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “बी” हिस्ट्रीशीट खोलने का उद्देश्य इन अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखना है। इसके तहत उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
गोरखपुर: सहजनवां में स्मार्ट मीटर के नाम पर 500 रुपये की वसूली, ग्रामीणों का प्रदर्शन; जांच की मांग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों ने पुलिस की इस सख्त पहल का स्वागत किया है।
Location : Gorakhpur
Published : 17 April 2026, 7:53 PM IST
Topics : Gorakhpur News Latest News UP News UP Police