अमेठी नरहरपुर कांड: सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंची महिलाएं, कहा- हमें इंसाफ चाहिए

अमेठी के नरहरपुर गांव में डॉ. अंबेडकर प्रतिमा विवाद के बाद तनाव बढ़ गया है। निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 17 April 2026, 4:48 PM IST
google-preferred

Amethi: अमेठी के नरहरपुर गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर हुए विवाद ने अब बड़ा राजनीतिक और सामाजिक रूप ले लिया है। घटना के बाद ग्रामीणों और प्रशासन के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। वहीं 14 लोगों की गिरफ्तारी के बाद मामला और गरमा गया है। निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर अब गांव की महिलाएं सड़कों पर उतर आई हैं।

कलेक्ट्रेट में महिलाओं का प्रदर्शन

नरहरपुर कांड को लेकर गुरुवार को बड़ी संख्या में महिलाएं सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां उन्होंने प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाते हुए अतिरिक्त एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। महिलाओं ने कहा कि निर्दोष ग्रामीणों को फंसाया जा रहा है और उन्हें बिना वजह परेशान किया जा रहा है।

अमेठी में आस्था बनाम कब्जा, मंदिर विवाद पहुंचा प्रशासन के दरबार

सपा नेता का प्रशासन पर आरोप

सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले को कुछ लोगों के इशारे पर राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और दलित समाज के लोगों ने गांव में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की थी, लेकिन प्रशासन ने बिना संवाद के कार्रवाई की। उन्होंने यह भी दावा किया कि मौके पर मौजूद लेखपाल पर माहौल बिगाड़ने और गलत तरीके से ग्रामीणों पर आरोप लगाने के आरोप हैं।

अब जानें पूरा

यह पूरा विवाद 12 अप्रैल को रामगंज थाना क्षेत्र के नरहरपुर गांव में शुरू हुआ था, जब ग्रामीणों ने कथित रूप से सरकारी भूमि पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी। सूचना मिलने पर एसडीएम और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी से चबूतरा हटवाते हुए प्रतिमा को सुरक्षित कब्जे में ले लिया। इसी कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया और पथराव की घटना सामने आई।

पुलिस ने क्या एक्शन लिया?

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और 14 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद से गांव में पीएसी तैनात है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्रवाई एकतरफा रही और निर्दोष लोगों को भी निशाना बनाया गया।

लकड़ी और कंडों से जला चूल्हा! अमेठी में सपा नेता का प्रदर्शन, जानिये पूरा मामला

ग्रामीणों में दहशत का माहौल

गांव के लोगों का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद से माहौल तनावपूर्ण है और ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। सपा नेता ने प्रशासन से अपील की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और निर्दोष लोगों को तुरंत राहत दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन को ग्रामीणों से बातचीत कर बीच का समाधान निकालना चाहिए। जिससे क्षेत्र में शांति बहाल हो सके।

Location :  Amethi

Published :  17 April 2026, 4:21 PM IST

Related News

Advertisement