
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Sonbhadra: जनपद के पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चकेलवा कुंडा भाटी बेलवादह स्थित ऐश डैम में डूबी महिला और मासूम बच्ची के शव मंगलवार को बरामद कर लिए गए। मृतकों की पहचान उषा (24) पत्नी राहुल और मासूम रिंकी के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और एसडीआरएफ की टीम के साथ स्थानीय गोताखोरों को मौके पर बुलाया गया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को डैम से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार 16 फरवरी शाम को रास्ता न होने के कारण राहुल (25) अपनी पत्नी उषा और भतीजी रिंकी के साथ ट्यूब के सहारे नदी पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और उषा व रिंकी फिसलकर गहरे पानी में जा गिरीं। जब तक आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचते, तब तक दोनों डैम के गहरे हिस्से में डूब चुकी थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में समुचित रास्ता और पुल न होने के कारण ग्रामीणों को अक्सर जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है।
पिपरी थाना क्षेत्र के चकेलवा कुंडा भाटी बेलवादह स्थित ऐश डैम में डूबी महिला उषा (24) और मासूम रिंकी के शव बरामद एसडीआरएफ व स्थानीय गोताखोरों ने तलाश के बाद निकाले शव। ट्यूब से नदी पार करते समय बिगड़ा था संतुलन।#sonbhadra #UPNews #CrimeNews pic.twitter.com/5Xb3yWiW1S
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) February 17, 2026
मामले पर क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। एसडीआरएफ व गोताखोरों की मदद से दोनों शव बरामद कर लिए गए हैं। प्रथम दृष्टया यह हादसा प्रतीत हो रहा है। आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस सिस्टम का ‘रियलिटी चेक’ महराजगंज दौरे पर आये DIG शिवसिम्पी चनप्पा, देखिए क्या बोले ?
घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच जारी है।
Location : Sonbhadra
Published : 17 February 2026, 6:56 PM IST
Topics : crime news sonbhadra news UP News