सोनभद्र में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने ली एक जान, चार की हालत गंभीर

सोनभद्र में देर रात हुआ एक ऐसा सड़क हादसा जिसने कई परिवारों की खुशियों को एक पल में बदल दिया। तेज रफ्तार और अचानक हुई टक्कर ने जहां एक जिंदगी छीन ली, वहीं कई लोग गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 25 April 2026, 12:12 PM IST

Sonbhadra: सोनभद्र जनपद के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रीवा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाबर गांव के पास रात करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने यात्रियों से भरे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में टेंपो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार टेंपो दुद्धी रेलवे स्टेशन से पांच यात्रियों को लेकर जाबर गांव की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन काशीराम आवास के पास पहुंचा, सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने अचानक टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो सड़क पर पलट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास का माहौल दहशत से भर गया।

इसी दौरान रात्रि गश्त पर निकले कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह ने दुर्घटना को देखा और तुरंत राहत कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया। वहां तैनात डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन टेंपो चालक विवेक कुमार (30 वर्ष), निवासी दिघुल, को मृत घोषित कर दिया।

मुजफ्फरनगर: स्कूल में चौकीदार की हत्या से सनसनी, जानिये पूरा अपडेट

घायलों में ये रहे शामिल

अन्य घायलों में राजेश कुमार शर्मा (35), सफीक आलम (55), जैनुल (50) और रविंद्र (35) शामिल हैं, जिन्हें हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

Auraiya News: अजीतमल में चेकिंग के नाम पर बवाल, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रात के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। इस घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।

तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से मौत

इसके अलावा, शक्तिनगर थाना क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिला।

ग्रामीणों का कहना है कि कोयला और फ्लाई ऐश ढोने वाले भारी वाहन अक्सर तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण हादसों का कारण बन रहे हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने की मांग की है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान में जुट गई है। लगातार हो रहे ऐसे हादसे प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं।

Location :  Sonbhadra

Published :  25 April 2026, 11:27 AM IST