हिंदी
Sonbhadra: ओबरा डैम से मुंबई की नई ट्रेन शुरू(Source: Dynamite)
Sonbhadra: जनपद के ओबरा डैम रेलवे स्टेशन के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब यहाँ से धनबाद-लोकमान्य तिलक टर्मिनल (मुंबई़) साप्ताहिक एक्सप्रेस का भव्य शुभारंभ किया गया। इस नई रेल सेवा के संचालन में भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री व राज्यसभा सांसद हरदीप सिंह पुरी की विशेष भूमिका रही, जिनके प्रयासों से क्षेत्रवासियों को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई तक की सीधी कनेक्टिविटी हुई। उद्घाटन समारोह के अवसर पर रॉबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद छोटेलाल खरवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। यह ट्रेन अब नियमित रूप से साप्ताहिक आधार पर धनबाद से मुंबई के बीच संचालित होगी।
कार्यक्रम के दौरान सांसद छोटेलाल खरवार ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि रेल मंत्रालय ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि कोरोना काल के दौरान बंद हुई अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों को भी जल्द ही पुनः संचालित किया जाएगा। सांसद ने इस उपलब्धि को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया और कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापार और आवागमन को नई गति मिलेगी।
समारोह के बीच स्थानीय मीडिया ने ओबरा परियोजना में कार्यरत मजदूरों के उत्पीड़न और समय पर वेतन न मिलने के गंभीर विषय पर सांसद से सवाल किए। इस पर उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है, लेकिन यदि कोई लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो निश्चित रूप से जांच कराकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही गर्मी के मौसम में ओबरा डैम स्टेशन पर पेयजल की भारी समस्या और सेक्टर 10 से स्टेशन जाने वाले मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। सांसद ने रेलवे अधिकारियों से वार्ता कर इन समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
सुबह-सुबह पवन खेड़ा के घर पहुंची पुलिस, जानें ऐसा क्या हुआ जिसने बढ़ा दी सियासी हलचल?
ओबरा इंटर कॉलेज के निजीकरण के संवेदनशील मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने स्वीकार किया कि इस फैसले से गरीब छात्रों को शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस निर्णय पर पुनर्विचार की आवश्यकता है ताकि शिक्षा की सुलभता बनी रहे। इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए मीडिया की भूमिका की भी सराहना की। इस ऐतिहासिक अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिन्होंने नई ट्रेन सेवा के शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
Location : Sonbhadra
Published : 7 April 2026, 3:39 PM IST