Sonbhadra News: शक्तिनगर पुलिस को बड़ी सफलता, स्वर्ण आभूषण लूट कांड का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने स्वर्ण एवं रजत आभूषण लूट कांड में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटे गए आभूषण और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 21 December 2025, 5:31 PM IST

Sonbhadra: पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने स्वर्ण एवं रजत आभूषण लूट कांड में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटे गए आभूषण और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह गिरफ्तारी 21 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 06:50 बजे मुखबिर की सूचना पर की गई। शक्तिनगर पुलिस टीम ने कोटा बोट प्वाइंट तिराहा से वांछित अभियुक्त को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रोहित पुत्र राजेश राम (उम्र 19 वर्ष) निवासी बस स्टैंड काली मंदिर, शक्तिनगर, सोनभद्र के रूप में हुई है।

लूट के मामले में था वांछित

गिरफ्तार अभियुक्त रोहित थाना शक्तिनगर में पंजीकृत मुअ.सं.–191/2025 से संबंधित लूट के मामले में वांछित था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से लूट में शामिल आभूषण बरामद किए गए।

नैनीताल में सात साल बाद लौटेगा उत्सव का रंग, विंटर कार्निवाल 2025 की भव्य तैयारी

बरामदगी का पूरा विवरण

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 6 चांदी की पायल, 9 चांदी की बिछिया, हनुमान जी छाप का 1 चांदी का लॉकेट, बच्चों के हाथ का 1 चांदी का कंगन तथा लाल रंग का ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद किए गए माल की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

पूछताछ में किए अहम खुलासे

पूछताछ के दौरान अभियुक्त रोहित ने बताया कि 15 नवंबर 2025 को बस स्टैंड काली मंदिर, शक्तिनगर क्षेत्र में एक सोनार के साथ हुई लूट की घटना में ये आभूषण उसके हिस्से में आए थे। उसने यह वारदात अपने साथियों रोशन, साजन और सोनू के साथ मिलकर अंजाम दी थी।
रोहित ने बताया कि सोनार की दुकान बंद होने के बाद उसके घर जाने की जानकारी उसने अपने मोबाइल फोन के जरिए साथियों को दी थी, जिसके बाद उसके साथियों ने असलहे के बल पर सोनार से आभूषणों से भरा बैग लूट लिया।

अन्य लूट की घटनाओं में भी संलिप्तता

अभियुक्त ने यह भी खुलासा किया कि उसके साथी रोशन और सोनू ने 29 नवंबर 2025 को नगर उटारी, जिला गढ़वा में भी इसी तरह की लूट की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें गोली चलने की बात सामने आई है।

Video: लखनऊ में सहकार युवा सम्मेलन में महराजगंज के डीएम का सम्मान, जानिये उनका रचा नया कीर्तिमान

पुलिस की कार्रवाई जारी

पुलिस के अनुसार अभियुक्त बरामद आभूषणों को बेचने की फिराक में था। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में कमल नयन दूबे, थानाध्यक्ष शक्तिनगर, उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज, चौकी प्रभारी बीना, कांस्टेबल राम जी, चौकी बीना तथा कांस्टेबल अक्षय कुमार यादव, थाना शक्तिनगर शामिल रहे। शक्तिनगर पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

 

Location : 
  • Sonbhadra

Published : 
  • 21 December 2025, 5:31 PM IST