
गोरखपुर में खौफनाक वारदात फोटो सोर्स- Google
Gorakhpur: गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र में रविवार की शाम रिश्तों को झकझोर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई। पिपरपाती गांव में एक पति ने अपनी पत्नी और उसके परिचित युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।
क्या है पूरी खबर?
मिली जानकारी के अनुसार, पिपरपाती गांव निवासी जितेंद्र निषाद कुछ दिन पहले ही तमिलनाडु से अपने घर लौटा था। रविवार शाम वह किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था। इसी बीच उसकी पत्नी गुंजा देवी ने अपने परिचित कुलदीप शर्मा, निवासी शिलहटा मुंडेरा, को घर बुलाया था। बताया जा रहा है कि शाम करीब 5:30 बजे जितेंद्र अचानक घर पहुंच गया।
लहूलुहान होकर जमीन पर गिरा
घर पहुंचते ही उसने पत्नी को कुलदीप के साथ देखा, जिसके बाद वह आगबबूला हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुस्से में उसने घर में रखे धारदार हथियार से कुलदीप पर हमला कर दिया। हमले में कुलदीप की गर्दन पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ दवा कारोबारियों की हड़ताल, यूपी में इस दिन बंद रहेंगी थोक दुकानें?
इसके बाद आरोपी ने पत्नी गुंजा देवी पर भी हमला कर दिया। आरोप है कि उसने डंडे से पत्नी के सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों घायल मौके पर ही खून से लथपथ हालत में पड़े रहे।घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही झंगहा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ब्रह्मपुर भेजा गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने दोनों को एम्स गोरखपुर रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद चल रहा था और कुछ दिन पूर्व भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। घटना के समय दंपति के दोनों बच्चे अपने मामा के घर गए हुए थे।झंगहा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 17 May 2026, 8:51 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Latest News UP News