लातेहार : पलामू प्रमंडल सम्मेलन में गरजे आजसू सुप्रीमो, बोले- जनादेश का नहीं हो रहा सम्मान

लातेहार में आयोजित आजसू पार्टी के युवा सम्मेलन में सुप्रीमो सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जनादेश के अपमान, बिजली संकट और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर सरकार को घेरा और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 17 May 2026, 9:38 PM IST
google-preferred

चंदवा प्रखंड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आजसू पार्टी की ओर से पलामू प्रमंडल स्तरीय सामाजिक मंथन सह युवा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई। इस अवसर पर लातेहार, पलामू और गढ़वा जिलों से बड़ी संख्या में आजसू कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए।

सरकार पर जनादेश के अपमान का आरोप

सम्मेलन को संबोधित करते हुए आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस जनादेश के साथ सरकार बनी थी, वह आज पूरी तरह से जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करने में विफल नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनादेश का सम्मान सुरक्षित रखने में भी असफल साबित हुई है।

SIR प्रक्रिया को लेकर दिया बयान

SIR प्रक्रिया पर प्रतिक्रिया देते हुए सुदेश महतो ने कहा कि यह कोई नई या चौंकाने वाली बात नहीं है। अन्य राज्यों में यह प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, जबकि झारखंड में अब इसकी शुरुआत हो रही है। उन्होंने इसे प्रशासनिक प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा बताया।

गठबंधन सरकार पर कड़ा प्रहार

कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) गठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में नेतृत्व की स्पष्टता नहीं है और सरकार में तालमेल का गंभीर अभाव है। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति अपनी-अपनी डफली, अपना-अपना राग जैसी हो गई है। जिससे शासन व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

बिजली व्यवस्था और योजनाओं पर सवाल

महतो ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट, बढ़ते बिजली बिल और कनेक्शन काटे जाने की घटनाओं को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि निजीकरण के नाम पर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है और समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

प्रशासनिक व्यवस्था और मौलिक अधिकारों पर टिप्पणी

उन्होंने कहा कि राज्य में प्रशासनिक ढांचे में गंभीर कमजोरियां हैं और लोगों के मौलिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने इसे राज्य की बिगड़ती स्थिति का संकेत बताया।

कार्यक्रम में पलामू प्रमंडल के लातेहार, पलामू और गढ़वा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे। सुदेश महतो ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

Location :  Latehar

Published :  17 May 2026, 9:36 PM IST

Advertisement