हिंदी
छठ पर्व को देखते हुए डीएम संतोष कुमार शर्मा ने 27 और 28 अक्टूबर को कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया। भीड़ और यातायात को नियंत्रित रखने के लिए यह निर्णय लिया है। प्रशासन ने घाटों पर विशेष इंतज़ाम किए हैं।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा
Maharajganj: छठ महापर्व के पावन अवसर पर जनपद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बड़ा निर्णय लिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और सार्वजनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी विद्यालयों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। आदेश के अनुसार, 27 और 28 अक्टूबर 2025 को महराजगंज जिले में कक्षा 8 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। यह निर्णय छठ पर्व के दौरान जनपद में उमड़ने वाली भारी भीड़ और संभावित यातायात अव्यवस्था को देखते हुए लिया गया है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि छठ पर्व के दौरान जनपद के विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालु एकत्रित होते हैं। लोग नदियों, तालाबों और सरोवरों में जाकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इस वजह से बड़ी संख्या में भीड़भाड़ होती है और कई घाट स्कूलों या रिहायशी इलाकों के आसपास स्थित हैं।
महराजगंज में मामूली विवाद बना जानलेवा: नाली में पेशाब करना पड़ा भारी, पड़ोसियों ने किया हमला
डीएम ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि वे सभी विद्यालयों में इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। किसी भी विद्यालय में 27 और 28 अक्टूबर को कक्षाएं संचालित नहीं की जाएंगी। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को यह भी कहा गया है कि इस अवधि में भवनों और परिसरों की सफाई और रखरखाव का कार्य कराया जाए।
छठ पर्व को लेकर प्रशासन ने जनपद के सभी प्रमुख घाटों पर विशेष व्यवस्थाओं के निर्देश जारी किए हैं। नगर निकायों और ग्राम पंचायतों को घाटों की साफ-सफाई और स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा गया है। नगर पालिका और नगर पंचायतों को निर्देश दिया गया है कि घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, कचरा निस्तारण और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को घाटों पर एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार दल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
छठ महापर्व महराजगंज जिले में बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती महिलाएं निर्जला उपवास रख सूर्य देव और छठी मैया की पूजा करती हैं। पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है, इसके बाद खरना, सांझ का अर्घ्य और भोर का अर्घ्य अर्पित किया जाता है। श्रद्धालु सूर्यास्त और सूर्योदय दोनों समय सूर्य देव को अर्घ्य देकर अपने परिवार के सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
महराजगंज में पत्नी दो बच्चों संग लापता, चार दिनों से भूखे-प्यासे बच्चों की याद में तड़प रहा पिता
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे छठ पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि “यह पर्व हमारी लोक परंपरा और पर्यावरण के सम्मान का प्रतीक है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है ताकि हर श्रद्धालु को सुरक्षित माहौल मिल सके।”
जिलाधिकारी के आदेश के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। विद्यालयों में दो दिन की छुट्टी मिलने से बच्चे उत्साहपूर्वक पर्व की तैयारी में जुट गए हैं। माता-पिता और परिजन भी प्रसन्न हैं कि छुट्टी के कारण बच्चों को परिवार के साथ छठ पर्व की पूरी परंपरा देखने और उसमें भाग लेने का अवसर मिलेगा।