सत्यम पंडित से क्यों डरती है गाजियाबाद पुलिस? ACP जियाउद्दीन के खिलाफ बोलने के बावजूद भी नहीं हुई FIR

कांवड़ यात्रा को लेकर वायरल वीडियो में खुद को हिंदू वीर सेना का अध्यक्ष बताने वाले सत्यम पंडित ने मुस्लिम अधिकारियों की ड्यूटी पर सवाल उठाए और ACP जियाउद्दीन का नाम लेकर टिप्पणी की। दो दिन बाद भी एफआईआर या आधिकारिक कार्रवाई सामने नहीं आने से गाजियाबाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 28 July 2026, 10:53 AM IST
google-preferred

Ghaziabad: कांवड़ यात्रा जैसे संवेदनशील समय में विवादित बयान देने वाले खुद को हिंदू वीर सेना का अध्यक्ष बताने वाले सत्यम पंडित के खिलाफ दो दिन बाद भी गाजियाबाद पुलिस ने कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में धार्मिक आधार पर ड्यूटी लगाने की मांग और एक पुलिस अधिकारी का नाम लेकर टिप्पणी किए जाने के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है। इसे लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

वीडियो में मुस्लिम अधिकारियों को ड्यूटी से हटाने की मांग

25 जुलाई को सोशल मीडिया पर सामने आए करीब एक मिनट 17 सेकेंड के वीडियो में सत्यम पंडित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करता दिखाई देता है कि कांवड़ यात्रा में किसी भी मुस्लिम अधिकारी की ड्यूटी न लगाई जाए। वीडियो में वह यह भी कहता है कि जिस तरह हज यात्रा में हिंदू अधिकारियों को स्वीकार नहीं किया जाता, उसी तरह कांवड़ यात्रा में भी मुस्लिम अधिकारियों की तैनाती नहीं होनी चाहिए।

वीडियो में उसने गाजियाबाद के नंदग्राम एसीपी जियाउद्दीन का नाम लेते हुए उन्हें ड्यूटी से हटाने की मांग की। साथ ही उसने सिपाही से लेकर दरोगा, एसीपी और एसएसपी स्तर तक किसी भी मुस्लिम अधिकारी की कांवड़ ड्यूटी न लगाने की बात कही।

यह भी पढ़ें - स्कूल में शिक्षकों के कथित आपत्तिजनक व्यवहार पर बवाल, अभिभावकों का हंगामा

अपने ही अधिकारी का नाम लेने के बावजूद कार्रवाई नहीं

वायरल वीडियो में एक पुलिस अधिकारी का नाम लिए जाने के बावजूद गाजियाबाद पुलिस की ओर से अब तक कोई एफआईआर दर्ज होने की जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम भी इस मामले में किसी कार्रवाई की सूचना सार्वजनिक नहीं कर सकी है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि मामले की जांच शुरू की गई है या नहीं।

पहले भी विवादों में रहा है सत्यम पंडित

सत्यम पंडित इससे पहले भी कई विवादों को लेकर चर्चा में रह चुका है। हाल ही में उसका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह कथित तौर पर जंतर-मंतर से लौट रहे दो युवकों को रोककर उनका नाम और पता पूछता है। इसके बाद वीडियो में वह दोनों के साथ गाली-गलौज और थप्पड़ मारते हुए दिखाई देता है।

बताया गया था कि जिन युवकों के साथ मारपीट हुई, उनमें एक बरेली का रहने वाला था। हालांकि, उस मामले में गाजियाबाद पुलिस ने यह कहते हुए कार्रवाई से इनकार कर दिया था कि घटना दिल्ली की सीमा में हुई थी और यह दिल्ली पुलिस के अधिकार क्षेत्र का विषय है।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा ट्रस्ट तक पहुंचा या नहीं? सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी, जांच को प्रभावी और पारदर्शी बनाने के निर्देश

कार्रवाई को लेकर बना हुआ है इंतजार

विवादित बयान सामने आने के दो दिन बाद भी गाजियाबाद पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में यह सवाल उठ रहे हैं कि संवेदनशील माहौल में वायरल हुए इस बयान पर पुलिस आगे क्या कदम उठाएगी। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

Location :  Ghaziabad

Published :  28 July 2026, 10:53 AM IST

Related News

Advertisement