

जयपुर से लौट रही एक महिला के साथ चलती डीलक्स बस में हुई छेड़खानी। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
चलती बस में महिला के साथ छेड़छाड़ (सोर्स-इंटरनेट)
संतकबीरनगर: संतकबीरनगर जिले से एक शर्मनाक और खौफनाक घटना सामने आई है। जहां खाटू श्याम के दर्शन कर जयपुर से लौट रही एक महिला के साथ चलती डीलक्स बस में छेड़खानी और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है।
डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार यह घटना 27 अप्रैल की रात की है, जब एक निजी बस 'सांवरिया ट्रैवेल्स' में यात्रा कर रही महिला और उसके परिवार के सदस्यों को बस चालक और उसके सहयोगी ने निशाना बनाया। जिसके बाद, महिला ने साहस दिखाते हुए पुलिस से मदद मांगी और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता संतकबीरनगर के खलीलाबाद क्षेत्र के एक गांव की निवासी है। वह अपने पति, बच्चों, चार बहनों और मां के साथ धार्मिक यात्रा पर राजस्थान गई थीं। वापसी में वह जयपुर से डीलक्स बस से घर लौट रही थीं। इसी दौरान, रात करीब 12 बजे, जब बस संतकबीरनगर की ओर बढ़ रही थी, तभी चालक के दो सहयोगियों ने पहले महिला पर अश्लील टिप्पणी की और फिर छेड़खानी का प्रयास करने लगे।
महिला ने बताया कि जब उसने शोर मचाया और विरोध किया, तो उसका पति उसे बचाने के लिए आगे आया। तभी आरोपियों ने चाकू निकाल लिया और महिला और उसके पति को धमकाते हुए जान से मारने की कोशिश की। इस स्थिति से पूरा परिवार घबरा गया। वहीं जब परिवार ने बस से उतरने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन्हें बस से उतरने नहीं दिया और लगातार धमकाते रहे।
घटना के बाद, महिला ने साहस दिखाते हुए अगले दिन की देर शाम को संतकबीरनगर जिले की सीमा में पहुंचने पर पुलिस को फोन किया। मामले पर तत्काल सक्रियता दिखाते हुए पुलिस ने कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के नेदुला में बस को रोकवाया और पीड़िता सहित उसके परिवार को सुरक्षित बस से बाहर निकाला।
फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में बस चालक और एक अज्ञात युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में छेड़खानी और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।