हिंदी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव निकालेंगे रथयात्रा (Img: Dynamite News)
Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव चुनावी कार्यक्रम घोषित होने से पहले ही पूरे प्रदेश में माहौल बनाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी 'समाजवादी PDA रथ यात्रा' निकालने की तैयारी कर रही है, जिसके जरिए हर जिले और हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, रथयात्रा की शुरुआत किसी बड़े हिंदू धार्मिक स्थल से किए जाने पर विचार चल रहा है। हालांकि अभी अंतिम स्थान तय नहीं हुआ है और पार्टी नेतृत्व इस पर मंथन कर रहा है। माना जा रहा है कि इस कदम के जरिए सपा धार्मिक मुद्दों पर भी अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रथयात्रा की शुरुआत धार्मिक स्थल से करने के पीछे भाजपा को उसके मजबूत माने जाने वाले मुद्दों पर चुनौती देने की रणनीति भी हो सकती है। हाल के दिनों में राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े विवाद को लेकर अखिलेश यादव लगातार भाजपा सरकार पर सवाल उठा चुके हैं। ऐसे में यह यात्रा उसी राजनीतिक रणनीति का विस्तार मानी जा रही है।
समाजवादी पार्टी पिछले लोकसभा चुनाव से ही PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के सामाजिक समीकरण को आगे बढ़ा रही है। अब विधानसभा चुनाव में भी पार्टी इसी फॉर्मूले को मजबूत करने के साथ उन मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश करेगी, जो अब तक उसके पारंपरिक वोटर नहीं रहे हैं। रथयात्रा के जरिए पार्टी संगठन को भी बूथ स्तर तक सक्रिय करने की तैयारी है।
ये भी पढ़ें- “अखिलेश यादव के बिना कांग्रेस जीरो, 50 से ज्यादा सीटें न मिलें…”, सपा सांसद एसपी सिंह का बड़ा हमला
सूत्रों के मुताबिक, रथयात्रा 23 अगस्त के बाद या सितंबर की शुरुआत में शुरू हो सकती है। इसका पूरा कार्यक्रम जल्द जारी किया जा सकता है। यात्रा के दौरान अखिलेश यादव प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जनसभाएं करेंगे और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद भी करेंगे। माना जा रहा है कि यह अभियान 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा का सबसे बड़ा जनसंपर्क कार्यक्रम साबित हो सकता है।
Location : Lucknow
Published : 16 July 2026, 1:09 PM IST