
देवबंद में सड़क हादसे ने छीनी दो जिंदगियां
Saharanpur: देवबंद में स्टेट हाईवे-59 पर बुधवार रात भीषण सड़क हो गया। हादसे में पिता और कार चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला और उनकी दो बेटियां घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर किया गया है।
हादसा रात करीब 9:30 बजे साईं धाम मंदिर के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार देवबंद के मोहल्ला खानकाह स्थित अनवर शाह कॉलोनी निवासी मोहम्मद एजाज (43) बुधवार को अपनी पत्नी रिजवाना और दो बेटियों के साथ किराये की कार से मुजफ्फरनगर दवाई लेने गए थे। कार को मुकेश (45) चला रहा था। रात को परिवार दवाई लेकर वापस देवबंद लौट रहा था। इसी दौरान साईं धाम मंदिर के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला और एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने मोहम्मद एजाज और कार चालक मुकेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एजाज की 18 वर्षीय बेटी आयशा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। पत्नी रिजवाना और दूसरी बेटी हफसा को भी चोटें आई हैं। उनकी हालत सामान्य बताई गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Location : Saharanpur
Published : 4 November 2026, 11:40 PM IST