गोरखपुर में दीपावली-छठ पर सुरक्षा का बड़ा प्लान, 10 जोनल और 36 सेक्टर मजिस्ट्रेट संभालेंगे मोर्चा; चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर

गोरखपुर में दीपावली और छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा का बड़ा प्लान तैयार किया है। 10 जोनल और 36 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ प्रतिमा स्थापना से विसर्जन तक निगरानी होगी। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों पर भी खास नजर रखी जाएगी। प्र

Gorakhpur: दीपावली और छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। धनतेरस से लेकर छोटी-बड़ी दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज तक जिले में विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन तक कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे जनपद को जोन और सेक्टर में बांटकर 10 जोनल मजिस्ट्रेट तथा 36 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी अधिकारियों की ड्यूटी शिफ्टवार लगाई गई है।

प्रशासन एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था और अप्रिय घटना रोकने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। ग्रामीण उत्तरी क्षेत्र की जिम्मेदारी एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, ग्रामीण दक्षिणी क्षेत्र की जिम्मेदारी मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा और नगर क्षेत्र की जिम्मेदारी एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार को सौंपी गई है। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस अधीक्षकों के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

ये भी पढ़ें- राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की युवाओं को सलाह; नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें

इन्हें सौंपी गई विसर्जन स्थल की जिम्मेदारी

नगर क्षेत्र में प्रतिमा विसर्जन के दौरान मुख्य विसर्जन स्थल की जिम्मेदारी एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अपराध को दी गई है। वहीं, राजघाट विसर्जन स्थल की संपूर्ण व्यवस्था और निगरानी के लिए नगर मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव को ओवरऑल प्रभारी बनाया गया है। उनके सहयोग के लिए अलग-अलग शिफ्ट में मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है, जिससे विसर्जन की पूरी प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक निगरानी बनी रहे।

प्रशासन ने सभी मजिस्ट्रेटों को प्रतिमा स्थापना स्थलों, विसर्जन जुलूस के मार्गों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों का पहले से निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर विशेष नजर रखी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित तहसीलों के एसडीएम को प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन तक की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

ये भी पढ़ें- फोन पर पुलिस की वर्दी का रौब दिखाया फिर खाली करा दिया बैंक खाता! प्रयागराज में बड़ा खुलासा

शिकायत के लिए कंट्रोल रूम का नंबर जारी

त्योहारों के दौरान किसी भी समस्या या शिकायत पर त्वरित कार्रवाई के लिए एडीएम सिटी कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। प्रतिमा विसर्जन की तिथि से पूरी प्रक्रिया समाप्त होने तक कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। यहां कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर तत्काल तैनाती के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को आरक्षित भी रखा गया है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को विसर्जन संपन्न होने तक सतर्क रहने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Location :  Gorakhpur

Published :  4 November 2026, 10:15 PM IST

Advertisement