
घर के बाहर तैनात पुलिस (img: Dynamite News)
Saharanpur: वोट चोरी के आरोपों और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के विरोध प्रदर्शनों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को सहारनपुर में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन से पहले पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने दावा किया कि उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया है।
मनीष त्यागी ने वीडियो जारी कर सरकार और पुलिस-प्रशासन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रदर्शन करने और अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन प्रशासन लगातार विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को घरों में रोक रहा है।
यह भी पढ़ें: ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ के नारों से गूंजा बगहा, सड़कों पर उतरा महागठबंधन; मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
त्यागी के मुताबिक, कांग्रेस आज 'काला दिवस' मनाने की तैयारी में थी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं और सांसदों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में सहारनपुर में भी प्रदर्शन प्रस्तावित था। उनका दावा है कि प्रदर्शन से पहले ही INDIA गठबंधन से जुड़े कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया या घरों में रोक दिया गया।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ने कहा, "मेरे यहां इतनी फोर्स लगाई हुई है कि कोई आदमी घर से निकल नहीं सकता। ये एक तरह की अघोषित इमरजेंसी है। इस तरह से किसी को घर में ही कैद कर लेना बिल्कुल भी कानूनी जायज नहीं है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब दो महीने से विपक्ष से जुड़े लोगों को अलग-अलग मौकों पर घरों में नजरबंद किया जा रहा है। उनके मुताबिक, कुछ समय के लिए पुलिस हटती है और फिर दोबारा हाउस अरेस्ट जैसी कार्रवाई की जाती है।
मनीष त्यागी ने मीडिया से भी प्रशासन और पुलिस से सवाल पूछने की अपील की। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को यह सवाल उठाना चाहिए कि आखिर विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को लगातार घरों में क्यों रोका जा रहा है।
उन्होंने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट से भी संज्ञान लेने की मांग की। त्यागी ने आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाज से डर रही है और प्रदर्शन करने वालों को रोककर लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: महाराजगंज में कांग्रेस का अनोखा विरोध प्रदर्शन, CEC के खिलाफ सुप्रिया श्रीनेत ने साधे तीखे निशाने
वहीं, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के प्रदर्शन दिल्ली समेत कई स्थानों पर जारी हैं। विपक्षी दल SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं और CEC के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। चुनाव आयोग और भाजपा ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है।
Location : Saharanpur
Published : 8 October 2026, 8:45 PM IST