हिंदी
Jhansi : उत्तर प्रदेश के झांसी में पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी रॉयल सिटी के एक फ्लैट में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 1.72 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति बरामद की है। इस काले धंधे का मास्टरमाइंड एसओजी का सिपाही रजत कुमार सिंह निकला, जिसे एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। पुलिस ने मौके से रजत की प्रेमिका यशस्वी द्विवेदी और उसकी सहयोगी निशा खान को गिरफ्तार किया है।
जब SSP बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस की टीम ने फ्लैट नंबर 9 में छापा मारा, तो वहां का नजारा देख अधिकारी दंग रह गए। कमरे में 100, 200 और 500 रुपये के नोटों के ढेर लगे थे। बरामदगी में 1 करोड़ 46 लाख रुपये के सोने के बिस्किट, 11 लाख रुपये की चांदी और 19 लाख रुपये नकद शामिल हैं। कैश इतना ज्यादा था कि पुलिस को गिनती के लिए मशीनें मंगवानी पड़ीं।
पुलिस की गिरफ्त में आई युवती यशस्वी की मां सुमन ने सिपाही रजत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि रजत पिछले 8 सालों से यशस्वी के साथ लिव-इन में था। आरोप है कि जब यशस्वी नाबालिग थी, तभी रजत ने उसे अपने जाल में फंसा लिया था। रजत पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है, लेकिन उसने यह बात छिपाई थी। यशस्वी दरोगा बनना चाहती थी, लेकिन सिपाही ने उसे अपने सट्टा कारोबार में धकेल दिया। यशस्वी ने रजत के खातिर अपनी सगाई तक तोड़ दी थी।
पुलिस की रेड पड़ते ही प्रेमिका को छोड़ भागा सिपाही! गर्लफ्रेंड बोली-जिस पर भरोसा किया वही…
एसएसपी ने बताया कि सिपाही रजत फरार है और उसकी तलाश जारी है। इस सिंडिकेट के तार जेल में बंद एक नेता और अन्य रसूखदारों से भी जुड़े होने की आशंका है। छापेमारी टीम को उनकी सफलता पर 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। फिलहाल पुलिस दोनों महिला आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क के अन्य सफेदपोश चेहरों को बेनकाब किया जा सके।
Location : Jhansi
Published : 11 May 2026, 3:33 PM IST