

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में आज रक्षाबंधन का पर्व उत्साह, भाईचारे और देशभक्ति के रंग में सराबोर होकर मनाया गया। विद्यालय की छात्राओं ने अधिकारियों, शिक्षकों और स्टाफ को राखी बांधकर अपने स्नेह और सम्मान का परिचय दिया। छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और देशप्रेम को जोड़ते हुए तिरंगा थीम पर विशेष राखियां तैयार कीं। इन राखियों में केसरिया, सफेद और हरे रंग के साथ बीच में अशोक चक्र की सजावट की गई थी, जो न केवल पर्व की पवित्रता बल्कि स्वतंत्रता दिवस की आगामी तैयारियों की झलक भी दे रही थी।
स्कूली बच्ची ने अधिकारी को बांधी राखी
Maharajganj: महराजगंज जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में आज रक्षाबंधन का पर्व उत्साह, भाईचारे और देशभक्ति के रंग में सराबोर होकर मनाया गया। विद्यालय की छात्राओं ने अधिकारियों, शिक्षकों और स्टाफ को राखी बांधकर अपने स्नेह और सम्मान का परिचय दिया।
इस वर्ष के रक्षाबंधन की खासियत यह रही कि छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और देशप्रेम को जोड़ते हुए तिरंगा थीम पर विशेष राखियां तैयार कीं। इन राखियों में केसरिया, सफेद और हरे रंग के साथ बीच में अशोक चक्र की सजावट की गई थी, जो न केवल पर्व की पवित्रता बल्कि स्वतंत्रता दिवस की आगामी तैयारियों की झलक भी दे रही थी।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी और मेंटरशिप कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी इस अवसर पर विद्यालय पहुंचे। सभी ने बच्चियों से राखी बंधवाई और उन्हें रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह कुंजी है जो जीवन के सभी द्वार खोल सकती है। उन्होंने बच्चियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, आत्मनिर्भर बनने और समाज में अपनी अलग पहचान बनाने का संकल्प लेने को कहा।
राखी समारोह के बाद अधिकारियों और छात्राओं ने एक साथ खीर, पूरी सहित अन्य पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया। इस दौरान विद्यालय का वातावरण हंसी-खुशी से गूंज उठा। बच्चियों की मुस्कान और उनकी चमकती आंखें इस बात का प्रमाण थीं कि यह दिन उनके लिए यादगार बन गया है।
अधिकारियों ने छात्राओं को यह भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव मदद करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जैसी संस्थाएं ग्रामीण और वंचित वर्ग की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आत्मनिर्भरता और संस्कार प्रदान करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।