रायबरेली में रातोंरात टूटा ग्रामीणों का रास्ता, 25 साल पुराना मार्ग उजड़ा, हजारों लोग गांव में कैद; जानें पूरा मामला

रायबरेली में नहर विभाग द्वारा ग्रामीणों के चंदे से बनाए गए रास्ते को उजाड़ दिया गया। रास्ता टूटने से 10 हजार से अधिक आबादी प्रभावित हुई। सैकड़ों ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर रास्ता दोबारा बनाए जाने की मांग की।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 26 January 2026, 2:26 PM IST
google-preferred

Raebareli: रायबरेली जनपद में नहर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों के चंदे से बनाए गए रास्ते को उजाड़ने का मामला सामने आया है। यह रास्ता बालापुर शारदा नहर के समीप नाले पर बनाया गया था, जिसे ग्रामीणों ने अपने संसाधनों से तैयार किया था। यह मार्ग वर्षों से गांव के लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन बना हुआ था।

सैकड़ों ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन

रास्ता उजाड़े जाने से नाराज ग्रामीणों ने सैकड़ों की संख्या में मौके पर पहुंचकर नहर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और रास्ते को दोबारा बनाए जाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

Raebareli Road Accident: रायबरेली में तेज रफ्तार का कहर, महिला की दर्दनाक मौत; जानिये पूरा मामला

10 हजार से अधिक आबादी गांव में हुई कैद

ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते के टूटने से करीब 10 हजार से अधिक आबादी वाला गांव अपने ही क्षेत्र में कैद हो गया है। बच्चों को स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और रोजमर्रा के कामों के लिए लोगों को कई किलोमीटर लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है, जिससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आक्रोश

25 वर्षों से बना था आवागमन का प्रमुख मार्ग

ग्रामीणों ने बताया कि यह रास्ता पिछले करीब 25 वर्षों से गांव के लोगों के लिए आवागमन का मुख्य साधन था। इसी रास्ते से किसान अपने खेतों तक जाते थे और ग्रामीण बाजार, स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचते थे। वर्षों पुराने इस रास्ते को बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उजाड़ देना ग्रामीणों के लिए बड़ा संकट बन गया है।

शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नहर विभाग से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतों के बावजूद समस्या का निस्तारण न होने से ग्रामीणों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।

रायबरेली में टप्पेबाजी गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार; जानें पूरा मामला

उजाड़े गए रास्ते को दोबारा बनाने की मांग

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मांग की है कि नाले पर बनाए गए इस रास्ते को तत्काल पुनः बनाया जाए, ताकि गांव का आवागमन सुचारू हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलने से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

Location : 
  • Raebareli

Published : 
  • 26 January 2026, 2:26 PM IST

Advertisement
Advertisement