
स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा बयान (सोर्स- गूगल)
Raebareli: राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी (आरएसएसपी) के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य शनिवार को रायबरेली पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव, केंद्र सरकार की नीतियों और उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर तीखे बयान दिए।
मौर्य के बयान से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में जनता अब बीजेपी और उसके सहयोगियों की नीतियों से नाराज है और इस बार का चुनाव नतीजा सत्ता पक्ष के लिए करारा झटका साबित होगा।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि बिहार चुनाव में केंद्र की भाजपा सरकार “पूरी ताकत से सत्ता का दुरुपयोग” कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग को भी अप्रत्यक्ष रूप से दबाव में लाया जा रहा है ताकि नतीजों को भाजपा के पक्ष में मोड़ा जा सके।
उन्होंने कहा, “पहले चरण के मतदान के बाद जनता का रुख साफ दिख रहा है हवा अब केंद्र सरकार के खिलाफ बह रही है। भाजपा को सत्ता का दुरुपयोग करने की आदत पड़ चुकी है, लेकिन जनता अब जाग चुकी है।”
UP News: स्वामी प्रसाद मौर्य को थप्पड़ मारने वाले युवक पर अब लगा यह आरोप
मौर्य ने यह भी दावा किया कि बिहार के मतदाता अब भाजपा और उसकी नीतियों से मोहभंग कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि 2027 तक कई राजनीतिक समीकरण बदलेंगे और भाजपा की सत्ता पर पकड़ ढीली पड़ जाएगी।
मौर्य ने कहा कि भाजपा की नीतियों के कारण बेरोजगारी और असमानता बढ़ी है। करोड़ों लोग नौकरी से वंचित हैं, जबकि सरकार अपने कथित विकास के दावे कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की कलई अब खुल चुकी है और देश के युवा अब बदलाव चाहते हैं।
उनका कहना था कि भाजपा सरकार दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को मतदान प्रक्रिया से दूर रखने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “एसआईआर और निर्वाचन आयोग को माध्यम बनाकर भाजपा समाज के वंचित वर्ग को हाशिए पर धकेल रही है। लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है।”
स्वामी प्रसाद मौर्य (सोर्स- गूगल)
मौर्य ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी योगी सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में “जंगलराज” कायम है और अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं।
मौर्य ने कहा, राज्य में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सरकार कानून के राज की बात करती है, लेकिन हकीकत कुछ और है।
मौर्य ने आगे कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी वादों को पूरा नहीं किया और जनता से किया गया हर वादा अब खोखला साबित हो चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों ही सरकारें “जनता के भरोसे पर खरी नहीं उतरी हैं।”
स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान ने छेड़ा विवाद, कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज, जानें पूरा माजरा
उन्होंने कहा, आज भाजपा हर मुद्दे पर फेल हो चुकी है बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और सामाजिक असमानता ने जनता को तोड़ दिया है। मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी “राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी” देशभर में गरीब, वंचित और अल्पसंख्यक वर्ग की आवाज बनेगी।
स्वामी प्रसाद मौर्य के इन बयानों ने राजनीतिक हलकों में गर्मी बढ़ा दी है। खासकर बिहार चुनाव के संदर्भ में उनके बयानों को भाजपा के खिलाफ एक बड़ा संकेत माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि मौर्य का यह बयान आने वाले दिनों में राष्ट्रीय राजनीति में विपक्षी एकजुटता की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है।
Location : Raebareli
Published : 8 November 2025, 12:28 PM IST