यूपी को मिलने जा रहा है पहला उद्यान महाविद्यालय, जानिए युवाओं को कैसे मिलेगा इसका फायदा

रायबरेली के हरचंदपुर स्थित पड़ेरा कृषि फार्म में उत्तर प्रदेश का पहला स्वतंत्र उद्यान महाविद्यालय बनेगा। 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है।

Raebareli: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के पहले स्वतंत्र उद्यान महाविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दे दी है। यह महाविद्यालय रायबरेली जिले के हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित पड़ेरा कृषि फार्म में स्थापित किया जाएगा। प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए इसे प्रदेश के कृषि और उद्यान क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

22 हेक्टेयर भूमि पर बनेगा महाविद्यालय

राज्यमंत्री ने बताया कि अब तक उत्तर प्रदेश में पांच कृषि विश्वविद्यालय संचालित हैं, लेकिन कोई भी स्वतंत्र उद्यान महाविद्यालय नहीं था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर 22 हेक्टेयर भूमि में इस संस्थान की स्थापना के प्रस्ताव को राज्य कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है।

कुल खर्च 100 करोड़ से अधिक

महाविद्यालय के निर्माण के पहले चरण में करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें शैक्षणिक भवन, प्रशासनिक भवन, प्रयोगशालाएं, छात्रावास और उद्यान विकसित किए जाएंगे। पूरे संस्थान के विकास पर 100 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है।

छात्रों और किसानों को मिलेगा लाभ

महाविद्यालय की स्थापना के बाद रायबरेली समेत आसपास के कई जिलों के छात्र-छात्राओं को उद्यान विषय में स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई का अवसर मिलेगा। सरकार का मानना है कि इससे उद्यानिकी क्षेत्र में प्रशिक्षित विशेषज्ञ तैयार होंगे, जो आधुनिक तकनीक के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने में योगदान देंगे।

विकास को मिलेगी ई रफ्तार

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि रहवां गांव के पास इतने बड़े शैक्षणिक संस्थान की स्थापना से क्षेत्र का तेजी से विकास होगा और रहवां चौराहा भविष्य में एक बड़े शैक्षणिक एवं व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना उनके सार्वजनिक जीवन की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है।

Location :  Raebareli

Published :  7 July 2026, 9:17 PM IST

Advertisement