गुलाबी गैंग का अनोखा संग्राम, हाथों में धान के पौधे और जुबां पर सरकार के खिलाफ जंग

फतेहपुर के सुजानपुर में गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने महिलाओं के साथ धान की रोपाई की। किसानों की समस्याओं को उठाते हुए बिजली, पानी और खाद संकट पर प्रशासन को चेतावनी दी।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 7 July 2026, 8:00 PM IST
google-preferred

Fatehpur: अन्याय के खिलाफ मुखर रहने वाली गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष एवं बहुआ ब्लॉक प्रधान संघ अध्यक्ष हेमलता पटेल मंगलवार को अलग ही अंदाज में नजर आईं। उन्होंने सुजानपुर (बहुआ देहात) में ग्रामीण महिलाओं और बेटियों के साथ खेत में उतरकर धान की रोपाई की। राजनीति और समाज सेवा के बीच खेत में श्रम करते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना, जिसे बड़ी संख्या में लोगों ने देखा और सराहा।

माटी से नाता कभी नहीं टूट सकता

पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हेमलता पटेल ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेहनत करने में कभी शर्म नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खेती उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रही है और वर्षों तक उन्होंने खेतों में काम किया है। उन्होंने कहा, "व्यस्तता भले बढ़ गई हो, लेकिन मेरी जड़ें आज भी इस मिट्टी से जुड़ी हैं।"

अन्न की बर्बादी रोकने की अपील

धान की रोपाई के दौरान हेमलता पटेल ने लोगों से किसान की मेहनत का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अन्न का एक-एक दाना किसानों की कड़ी मेहनत से तैयार होता है, इसलिए भोजन की बर्बादी नहीं करनी चाहिए और अन्न का सम्मान करना चाहिए।

किसानों की समस्याओं पर प्रशासन को घेरा

हेमलता पटेल ने धान की रोपाई के मौसम में किसानों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि किसान इस समय बिजली कटौती, सिंचाई के लिए पानी की कमी और खाद संकट जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इन समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।

आंदोलन की दी चेतावनी

प्रधान संघ अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो किसान हितों की रक्षा के लिए आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसान भी मौजूद रहे।

Location :  Fatehpur

Published :  7 July 2026, 8:00 PM IST

Advertisement