हिंदी
पूर्व समाजवादी पार्टी विधायक मनोज सिंह डब्लू
Chandauli: जिले के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था की बदहाली को लेकर राजनीति गरमा गई है। पूर्व समाजवादी पार्टी विधायक मनोज सिंह डब्लू ने शुक्रवार को प्रदेश की भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक सुशील सिंह पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंप कैनालों की खराब स्थिति और नहरों की सफाई न होने के कारण किसान इस बार धान की रोपाई तक नहीं कर पा रहे हैं।
मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि चारी, अदसड़, नगवा, गुरैनी, बिरासराय, नदहा, सोगाई, मानिकपुर, रेरुआ, धनाईतपुर, नौबतपुर सहित कई क्षेत्रों में स्थित पंप कैनाल या तो बंद पड़े हैं या तकनीकी खराबी से चल नहीं पा रहे हैं। कभी एक पंप कैनाल चलता है तो दूसरा ठप हो जाता है। ऐसे में टेल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा, जिससे किसानों की फसलें सूखने की कगार पर हैं।
पूर्व विधायक ने नहरों की समय से सफाई न होने को लेकर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि नहर सफाई का ठेका विधायक सुशील सिंह ने अपने खास लोगों को दिलवाया, जिससे काम में भारी लापरवाही हुई। सफाई के नाम पर सरकारी फंड का बंदरबांट हुआ और नहरों में काई व गंदगी ज्यों की त्यों पड़ी रह गई। उन्होंने कहा कि नहरें अवरुद्ध होने से पानी खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है।
मनोज सिंह डब्लू ने यह भी आरोप लगाया कि किसान प्रशासन से लगातार गुहार लगा रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। किसान दर-दर भटक रहे हैं और जिला प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पंप कैनालों की मरम्मत और नहरों की सफाई सुनिश्चित नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी किसानों के समर्थन में बड़ा आंदोलन करेगी।
पूर्व विधायक ने कहा, भाजपा सरकार सिर्फ घोषणाएं करती है, जमीन पर कुछ नहीं दिखता। किसानों को राहत देने की बजाय उनकी समस्याओं को अनदेखा किया जा रहा है। समय रहते समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन सड़क से सदन तक जाएगा।
सैयदराजा विधानसभा के ग्रामीण अंचलों में पानी की इस किल्लत से किसान बेहद परेशान हैं। धान की बुवाई का समय लगभग निकल चुका है, और जिन खेतों में धान की रोपाई हुई भी है, वहां पानी के अभाव में फसलें पीली पड़ रही हैं। किसानों का आरोप है कि हर साल ऐसी ही स्थिति बनती है, लेकिन सरकार सिर्फ खानापूर्ति कर काम चला लेती है।
Location : Chandauli
Published : 1 August 2025, 6:10 PM IST