हिंदी
महिला उत्थान समिति का प्रदर्शन
Fatehpur: फतेहपुर में महिला उत्थान समिति के नेतृत्व में बुधवार को जिले की दर्जनों बीसी सखियां अपनी समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचीं और जिलाधिकारी को 7 सूत्रीय मांगों वाला ज्ञापन सौंपा। इस प्रदर्शन का नेतृत्व समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष शिल्पी देवी ने किया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार उन्होंने कहा कि बीसी सखी योजना से जुड़ी महिलाएं कई वर्षों से कम संसाधनों और बिना मानदेय के काम कर रही हैं। इससे उनके सामने मानसिक, आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है। शिल्पी देवी ने बताया कि बैंकों द्वारा L0 डिवाइस की जगह L1 डिवाइस दिए जा रहे हैं, जिसकी कीमत खुद सखियों से मांगी जा रही है। या तो यह डिवाइस निःशुल्क दिया जाए या L0 डिवाइस दोबारा चालू की जाए।
उन्होंने यह भी मांग की कि शासनादेश के अनुरूप बीसी सखियों को ग्राम सचिवालय में बैठने और मनरेगा मजदूरों को भुगतान करने की अनुमति दी जाए। साथ ही सभी सखियों का वर्षों से बकाया मानदेय जल्द से जल्द उनके खातों में भेजा जाए। सखियों पर लदा ₹7.5 लाख तक का कर्ज भी माफ किया जाए।
इसके अलावा, उन्होंने आय में हो रही 20% कटौती को समाप्त करने और बीसी सखियों को जल्द से जल्द एसबीआई बैंक से जोड़ने की मांग भी उठाई। प्रदर्शन में कई महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं और चेतावनी दी गई कि अगर मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
Location : Fatehpur
Published : 24 July 2025, 1:28 AM IST
Topics : DynamiteNews Fatehpur Mahila Utthan Samiti protest Sakhis salary TrendingNews UP News uttar pradesh