Prayagraj: PCS अफसर ज्योति विवाद में नया मोड़, पति आलोक मौर्य ने लगाया सनसनीखेज आरोप

पीसीएस अफसर ज्योति मौर्य और उनके पति आलोक मौर्य का विवाद एक बार फिर नए मोड़ पर पहुंच गया है। इस बार मामला सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रहा, बल्कि रात में हुई एक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 14 May 2026, 11:28 AM IST
google-preferred

Prayagraj: उत्तर प्रदेश की चर्चित पीसीएस अफसर ज्योति मौर्य और उनके पति आलोक मौर्य के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस बार मामला सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आलोक मौर्य ने खुद पर हमला होने का दावा करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में हुई इस कथित घटना ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।

मोबाइल फोन छीनने का आरोप

आलोक मौर्य का आरोप है कि सोमवार रात जब वह रास्ते से गुजर रहे थे, तभी तीन अज्ञात युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने न केवल उनके साथ धक्का-मुक्की की, बल्कि उनका मोबाइल फोन छीनने की भी कोशिश की। घटना के बाद आलोक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

‘मेरी आवाज दबाने की कोशिश हुई’

आलोक मौर्य का कहना है कि सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग उनसे जुड़े हुए हैं और वह लगातार अपने पक्ष को सामने रखते रहे हैं। उनके मुताबिक कुछ लोग उनकी बढ़ती लोकप्रियता और सोशल मीडिया एक्टिविटी से परेशान हैं। इसी वजह से उनका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि हमला किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकता है। आलोक के अनुसार, “किसी ने इन युवकों को पैसे देकर भेजा होगा ताकि मेरा मोबाइल छीन लिया जाए और मैं अपनी बात लोगों तक न पहुंचा सकूं।”

STF ने लखनऊ की मिठाई दुकान पर ऐसे दबोचा गया फरार आरोपी, पूछताछ में हुए खुलासे ने चौंकाया

हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में किसी भी साजिश की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ पाएगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद प्रयागराज पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित हमलावर कौन थे और उनका उद्देश्य क्या था। फिलहाल किसी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। कर्नलगंज थाना पुलिस के अनुसार, मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ भी कर रही है ताकि घटना के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा सके।

पहले भी सुर्खियों में रहा है विवाद

गौरतलब है कि आलोक मौर्य और पीसीएस अफसर ज्योति मौर्य के बीच विवाद लंबे समय से चर्चा का विषय बना हुआ है। आलोक मौर्य ने पहले अपनी पत्नी पर किसी अन्य अधिकारी के साथ संबंध होने का आरोप लगाया था। इस विवाद ने सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक खूब सुर्खियां बटोरी थीं।

हरदोई में शादी से पहले हंगामा, इंस्टाग्राम प्रेम कहानी में दूल्हे की असलियत पर विवाद, जानिये पूरा मामला

दूसरी ओर, ज्योति मौर्य ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया था। दोनों के बीच तलाक का मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है।

सुलह की खबरों के बीच आया नया मामला

कुछ समय पहले आलोक मौर्य ने मीडिया से बातचीत में दावा किया था कि उनके और ज्योति मौर्य के बीच सुलह हो गई है और दोनों जल्द साथ रह सकते हैं। लेकिन ज्योति मौर्य ने इस दावे को गलत बताया था। अब आलोक पर हुए कथित हमले के बाद यह मामला फिर चर्चा में आ गया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Location :  Prayagraj

Published :  14 May 2026, 11:28 AM IST

Advertisement