फरेंदा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कृष्णा लाइब्रेरी सील; स्टार हॉस्पिटल समेत तीन संस्थानों को नोटिस

फरेंदा में प्रशासन की अचानक हुई जांच ने कई संस्थानों की तैयारियों की पोल खोल दी। एक लाइब्रेरी को तत्काल सील कर दिया गया, जबकि एक अस्पताल समेत तीन संस्थानों को नोटिस थमा दिया गया। जांच के दौरान ऐसी कमियां सामने आईं जिन्हें अधिकारियों ने सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 24 June 2026, 7:45 PM IST
google-preferred

Maharajganj: लखनऊ में हाल ही में हुई घटना के बाद शासन और प्रशासन सार्वजनिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में महराजगंज जिले के फरेंदा क्षेत्र में बुधवार को शिक्षण संस्थानों और स्वास्थ्य केंद्रों की व्यापक जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक लाइब्रेरी को सील कर दिया, जबकि एक अस्पताल समेत तीन संस्थानों को नोटिस जारी किया गया।

संयुक्त टीम ने किया औचक निरीक्षण

एसडीएम शैलेंद्र गौतम, क्षेत्राधिकारी दीपशिखा वर्मा और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अनुज भारती की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में संचालित कई शिक्षण और स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच का मुख्य उद्देश्य अग्निशमन सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों की स्थिति का सत्यापन करना था। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भवनों में सुरक्षा इंतजाम, आपातकालीन निकास मार्ग, अग्निशमन उपकरण और फायर विभाग से संबंधित अभिलेखों की जांच की।

कृष्णा लाइब्रेरी पर सबसे बड़ी कार्रवाई

जांच के दौरान कृष्णा लाइब्रेरी में कई महत्वपूर्ण कमियां पाई गईं। अधिकारियों के अनुसार संस्थान आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षा मानकों से संबंधित जरूरी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियां मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से लाइब्रेरी को सील करने की कार्रवाई की। इस कदम के बाद क्षेत्र के अन्य संस्थानों में भी हलचल बढ़ गई।

बरसात में बढ़ा सर्पदंश का खतरा, सरकारी अस्पतालों की तैयारी कितनी मजबूत? लक्ष्मीपुर CHC की पड़ताल

स्टार हॉस्पिटल में मिली गंभीर कमी

निरीक्षण के दौरान स्टार हॉस्पिटल में भी कई महत्वपूर्ण खामियां सामने आईं। अधिकारियों को अस्पताल का फायर विभाग से जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं मिला। इसके अलावा जांच में यह भी पाया गया कि अस्पताल परिसर में आने और बाहर निकलने के लिए केवल एक ही मार्ग उपलब्ध है। अधिकारियों ने इसे आपात स्थिति में बड़ा खतरा बताते हुए गंभीर सुरक्षा कमी माना। प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर सभी कमियां दूर करने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

दो अन्य लाइब्रेरी को भी नोटिस

निर्मल लाइब्रेरी और सैनिक लाइब्रेरी भी जांच के दौरान फायर एनओसी प्रस्तुत नहीं कर सकीं। इस पर प्रशासन ने दोनों संस्थानों को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने और अग्निशमन सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।

राम मंदिर दान विवाद में नया मोड़! आखिर एफआईआर से क्यों बच रहा मामला, राज्यपाल तक पहुंची बड़ी मांग

सुरक्षा से समझौता नहीं

एसडीएम शैलेंद्र गौतम और सीओ दीपशिखा वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों, मरीजों और आम लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संस्थान द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में संचालित अन्य संस्थानों की भी नियमित जांच जारी रहेगी और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के बाद मचा हड़कंप

प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई से संबंधित संस्थानों में हड़कंप की स्थिति रही। स्थानीय लोगों का मानना है कि हाल की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा मानकों की जांच जरूरी है।

Location :  Maharajganj

Published :  24 June 2026, 7:40 PM IST

Advertisement