हिंदी
भव्य ताजिया बनेगा आकर्षण का केंद्र (Img: Dynamite News)
Maharajganj: जनपद के सिंदूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मुंडेरा खुर्द बौलिया बाबू में इस बार का धार्मिक आयोजन खास होने जा रहा है। गांव में तैयार किया गया 60 फीट ऊंचा और करीब 50 फीट चौड़ा भव्य ताजिया क्षेत्रभर में चर्चा का विषय बन गया है। इसकी शानदार बनावट और आकर्षक डिजाइन लोगों को अपनी ओर खींच रही है।
ग्रामीणों और आयोजन समिति के सहयोग से तैयार किए जा रहे इस विशाल ताजिए को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ताजिए की कलात्मक नक्काशी और भव्य स्वरूप देखने वालों को पहली नजर में ही प्रभावित कर रहा है। आसपास के गांवों से लोग इसकी एक झलक पाने के लिए अभी से पहुंचने लगे हैं।
आयोजन समिति के अनुसार 26 जून से 29 जून तक गांव में चार दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में बड़ी संख्या में जायरीन, श्रद्धालु और अकीदतमंदों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और अन्य जरूरी सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। ग्रामीण भी आयोजन को सफल बनाने में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं।
महराजगंज के किसानों की बदलने वाली है किस्मत! इन फसलों के दम पर जिले को बनाया जाएगा निर्यात हब
विशाल जनसमूह को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने आयोजन की अनुमति जारी कर दी है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मेले के दौरान अनुशासन और शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। ग्रामीणों का मानना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का भी संदेश देता है। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। लोगों की नजरें अब उस दिन पर टिकी हैं, जब यह 60 फीट ऊंचा भव्य ताजिया सभी के सामने अपनी पूरी भव्यता के साथ नजर आएगा।
Location : Maharajganj
Published : 24 June 2026, 6:13 PM IST