दाह संस्कार के लिए जा रहे थे लोग, रास्ते में बिछा था मौत का तार; दो लोग करंट की चपेट में आए

गोरखपुर के सिकरीगंज में दाह संस्कार के लिए शव लेकर जा रहे लोगों के रास्ते में बिजली का पोल और करंट प्रवाहित तार गिरा मिला। तार हटाने की कोशिश में दो लोग करंट की चपेट में आ गए, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने लकड़ी और डंडे की मदद से दोनों को बचा लिया।

Gorakhpur: सिकरीगंज में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां दाह संस्कार के लिए शव लेकर जा रहे लोगों के रास्ते में बिजली का पोल और तार जमीन पर गिरा पड़ा था। तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। रास्ता बाधित देखकर उसे हटाने की कोशिश कर रहे दो लोग अचानक करंट की चपेट में आ गए। दोनों को बिजली का झटका लगा और वे तार में फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बिना घबराए लकड़ी और डंडे की मदद से दोनों को तार से अलग किया।

शव लेकर जा रहे थे लोग

जानकारी के अनुसार, सिकरीगंज निवासी अवधेश भुज का निधन हो गया था। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे गांव के लोग और उनके रिश्तेदार शव को लेकर कुआनो नदी तट स्थित दाह संस्कार स्थल की ओर जा रहे थे। अंतिम यात्रा में परिवार और गांव के कई लोग शामिल थे। नदी तट की ओर जाने वाले रास्ते पर अचानक लोगों की नजर गिरे हुए बिजली के पोल और तार पर पड़ी।

तार हटाने की कोशिश में आए लोग

रास्ता साफ करने के लिए मृतक के रिश्तेदार कुईं बाजार निवासी 42 वर्षीय हरिनंद और सिकरीगंज निवासी 55 वर्षीय शिवकुमार भुज आगे आए। दोनों बिजली के तार को हटाकर किनारे करने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान दोनों तार की चपेट में आ गए। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण दोनों को जोरदार बिजली का झटका लगा और वे वहीं फंस गए। अचानक हुए इस हादसे को देखकर अंतिम यात्रा में शामिल लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

17 सितंबर से गोरखपुर में शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, गांव से बूथ तक पहुंचेगी सरकार की योजनाएं; क्या है पूरा प्लान?

लकड़ी और डंडे से तार से अलग किया

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने बिजली के तार को सीधे हाथ से छूने के बजाय लकड़ी और डंडे की मदद से दोनों को तार से अलग किया। काफी सावधानी के बाद दोनों को तार से अलग कर लिया गया। लोगों की तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि अगर मौके पर मौजूद लोगों ने समय रहते समझदारी नहीं दिखाई होती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।

बिजली निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। लोगों का आरोप था कि सार्वजनिक रास्ते पर बिजली का पोल और तार गिरा हुआ था, लेकिन उसे समय रहते ठीक नहीं कराया गया। लोगों का कहना था कि यदि गिरे हुए तार की जानकारी पहले से थी तो रास्ते को सुरक्षित करने और बिजली की आपूर्ति बंद कराने की कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उनका आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण दो लोग करंट की चपेट में आ गए।

नाबालिग से गंदी हरकत और फिर सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल, गोरखपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

मौके पर पहुंचे बिजली कर्मचारी

हादसे की सूचना तत्काल बिजली निगम को दी गई। जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और गिरे हुए पोल तथा तार को दुरुस्त करने का काम शुरू किया। मौके पर पहुंची टीम ने स्थिति को संभाला और रास्ते में पड़े बिजली के तार और पोल को ठीक करने की कार्रवाई शुरू की, जिससे आगे किसी अन्य व्यक्ति के साथ हादसा न हो।

कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया

सिकरीगंज के एसडीओ विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही बिजली निगम के कर्मचारियों को तत्काल मौके पर भेज दिया गया है। गिरे हुए बिजली के पोल और तार को दुरुस्त कराया जा रहा है।

Location :  Gorakhpur

Published :  15 September 2026, 2:40 PM IST

Related News

Advertisement