हिंदी
Hema Malini
मथुरा: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तावित बांकेबिहारी कॉरिडोर को लेकर ब्रज क्षेत्र में विरोध की लहर तेज हो गई है।
डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय ब्रजवासियों ने वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के चबूतरे पर एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया। "हल्ला बोल" कार्यक्रम के तहत जुटे लोगों ने कॉरिडोर परियोजना को ब्रज की सांस्कृतिक विरासत के खिलाफ साजिश बताया और सरकार पर इसे नष्ट करने का आरोप लगाया।
सांसद हेमा मालिनी और तीर्थ विकास परिषद उपाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शनकारियों का आक्रोश न केवल परियोजना के खिलाफ था, बल्कि उन्होंने स्थानीय सांसद हेमा मालिनी और उत्तर प्रदेश तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र के खिलाफ भी नारेबाजी की। उनका आरोप था कि यह दोनों जनप्रतिनिधि सरकार की इस "विकास परियोजना" के नाम पर ब्रज की भावनाओं और परंपराओं को दरकिनार कर रहे हैं।
सांसद के पत्र से भड़के ब्रजवासी
हाल ही में सांसद हेमा मालिनी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर बिहारीजी कॉरिडोर के निर्माण को शीघ्र शुरू कराने की मांग की थी। इसी को लेकर ब्रजवासियों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने कहा, "हेमा मालिनी हमारे वोटों से सांसद बनी हैं, बाहर से आने वाले तीर्थयात्रियों की वजह से नहीं।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सांसद ने आज तक एक बार भी प्रभावित लोगों से बातचीत करने की कोशिश नहीं की।
खाली भूमि पर व्यवस्था बनाने का सुझाव
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने यह सुझाव भी दिया कि यदि सरकार तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए सच में चिंतित है तो मंदिर परिसर में ही लगभग 1000 वर्गगज खाली भूमि पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा सकती हैं। उनका दावा है कि सरकार का असली उद्देश्य सुविधा नहीं, बल्कि कॉरिडोर के नाम पर आर्थिक बंदरबांट करना है।
विरोध में शामिल प्रमुख लोग
इस विरोध प्रदर्शन में ब्रज के अनेक प्रमुख नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। इनमें राजेश शर्मा, नीरज गोस्वामी, सोहन लाल मिश्र, रमन गोस्वामी, सुरेश शर्मा, दीपक पाराशर, जय शर्मा, अशोक गोस्वामी, गोपाल शर्मा और पुरुषोत्तम शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
Location : Mathura
Published : 6 May 2025, 12:15 PM IST
Topics : Brajvasis Hema Malini Mathura