आगरा में सफाई व्यवस्था बदहाल, सपा सांसद रामजीलाल सुमन का हल्ला बोल

आगरा में सफाई व्यवस्था की बदहाली और नगर निगम की निष्क्रियता को लेकर समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने गुरुवार को ज़बरदस्त धरना प्रदर्शन किया। सांसद ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की कमी के चलते शहर के 100 वार्डों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और बरसात के मौसम में जलभराव की स्थिति और भी भयावह हो गई है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 17 July 2025, 6:23 PM IST
google-preferred

Agra: आगरा में सफाई व्यवस्था की बदहाली और नगर निगम की निष्क्रियता को लेकर समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने गुरुवार को ज़बरदस्त धरना प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नगर निगम मुख्यालय पर जुटे सुमन ने साफ शब्दों में कहा कि आगरा अब स्मार्ट सिटी नहीं, बल्कि 'नरक सिटी' बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम अपनी जिम्मेदारियों से पूरी तरह भाग रहा है और शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। सांसद ने कहा कि जिस आगरा को देश और प्रदेश में बेहतर रैंकिंग दी जा रही है, वहां सच्चाई इसके बिल्कुल उलट है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार धरने के दौरान सांसद सुमन ने नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की भारी कमी को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर की जनसंख्या को देखते हुए कम से कम 7,500 सफाई कर्मचारियों की आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान में केवल 4,000 कर्मचारी ही कार्यरत हैं। ऐसे में करीब 3,500 सफाई कर्मचारियों की तत्काल जरूरत है। सुमन ने बताया कि पिछले वर्ष नगर निगम बोर्ड द्वारा 1,000 सफाई कर्मचारियों की भर्ती का प्रस्ताव पास किया गया था, लेकिन दुर्भाग्यवश आज तक एक भी नियुक्ति नहीं की गई है। यह नगर निगम की लापरवाही और भ्रष्टाचार को दर्शाता है।

सांसद ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की कमी के चलते शहर के 100 वार्डों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और बरसात के मौसम में जलभराव की स्थिति और भी भयावह हो गई है। ऐसे में डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर नगर निगम ने जल्द से जल्द सफाई कर्मचारियों की भर्ती नहीं की और गंदगी पर नियंत्रण नहीं किया, तो समाजवादी पार्टी पूरे शहर में आंदोलन करेगी।

नगर निगम की कार्यशैली और बजट को लेकर भी सांसद ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि निगम के बजट में बंदरबांट हो रही है और जनता के पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक जनप्रतिनिधियों और आम जनता की भागीदारी से काम नहीं होगा, तब तक नगर निगम की व्यवस्था सुधरना मुश्किल है। प्रदर्शन के दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए, नगर निगम को अविलंब ठोस कदम उठाने की मांग की। सांसद सुमन ने अंत में कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रहेगी और नगर निगम की लापरवाही को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Location : 

Published :