हिंदी
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शाहपुर थाना पुलिस और बदमाशों के बीच सोमवार देर रात मुठभेड़ हो गई। स्वाति नर्सिंग होम के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके तीन साथियों को पुलिस ने गन्ने के खेत में कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया।
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह के मुताबिक, शाहपुर क्षेत्र में स्वाति नर्सिंग होम के पास पुलिस की टीमें चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान एक पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय निरमाना गांव की ओर भगाने की कोशिश की।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो पिकअप एक खेत में खड़े खंभे से टकरा गई। इसके बाद वाहन में सवार बदमाशों ने पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, बदमाशों की फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों की पहचान हिनू उर्फ जोगिंदर निवासी वहलना और सुल्तान निवासी लिसाड़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई है।
दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी शाहपुर भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान घायल बदमाशों ने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए दोबारा अपराध न करने की बात भी कही।
मुठभेड़ के दौरान तीन अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर गन्ने के खेत में छिप गए। इसके बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पुलिस ने इरशाद, मुकीम और सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया। इस तरह पुलिस ने मुठभेड़ और कॉम्बिंग कार्रवाई के दौरान कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध 315 बोर तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और तीन चाकू बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी पुलिस के कब्जे में लिया गया है।
पिकअप के अंदर से शाहपुर थाना क्षेत्र में करीब डेढ़ महीने पहले चोरी किए गए ट्रांसफार्मर का सामान भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के अनुसार करीब डेढ़ क्विंटल कॉयल बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, घायल बदमाश हिनू उर्फ जोगिंदर इस गिरोह का सरगना है और उसके खिलाफ कई जिलों में करीब 42 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मुजफ्फरनगर के अलावा मेरठ, शामली, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर के मामले शामिल बताए गए हैं।
पुलिस का दावा है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो मुजफ्फरनगर और आसपास के जिलों में चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस लंबे समय से हिनू की तलाश कर रही थी।
पुलिस ने बरामद सामान को शाहपुर थाना क्षेत्र में दर्ज ट्रांसफार्मर चोरी के मुकदमे से जोड़कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरोह द्वारा अन्य जिलों में की गई चोरी और लूट की घटनाओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 25 August 2026, 4:44 PM IST