हिंदी
मुजफ्फरनगर में देर रात मुठभेड़ से हड़कंप
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में नई मंडी पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के बाद धर्मांतरण और पॉक्सो मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अजरू उर्फ अजहरुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में 6 जून को एक महिला ने नई मंडी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर इंस्टाग्राम के जरिए उसकी नाबालिग बेटी को अपने प्रेमजाल में फंसाया और बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायत में युवती का धर्म परिवर्तन कराने और उसके साथ गलत काम करने के आरोप भी लगाए गए थे।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो अधिनियम, एससी-एसटी अधिनियम और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था। गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मुजफ्फरनगर में पुलिस का एक्शन
पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी टीएस मान रजवाहे के पास मौजूद है। इसके बाद नई मंडी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
नई मंडी के सीओ राजू कुमार साव ने बताया कि आरोपी की पहचान अजरू उर्फ अजहरुद्दीन पुत्र दीनू उर्फ दीन मोहम्मद, निवासी रायपुर, गुरुग्राम, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और जिंदा व खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।
राहुल गांधी का गोवा दौरा रद्द, जानिए आखिर क्यों बदला कार्यक्रम
पुलिस का यह भी दावा है कि आरोपी कथित तौर पर एक अन्य लड़की को अपने जाल में फंसाने की नीयत से क्षेत्र में मौजूद था। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी पर लगे आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 11 October 2026, 2:19 AM IST
Topics : Muzaffarnagar Muzaffarnagar Police Police Encounter reward criminal Wanted Criminal Arrested