हिंदी
कांवड़ मार्ग पर प्रशासन का सख्त फैसला
Muzaffarnagar: हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्त कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा ने मीनाक्षी चौक क्षेत्र में नॉनवेज होटल एवं मीट की दुकानों के संचालकों के साथ वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कांवड़ियों की आस्था के बीच प्रशासन अलर्ट
एएसपी ने होटल संचालकों से मीट को खुले में न रखने और उसे हरे अथवा किसी अन्य कपड़े से पूरी तरह ढककर रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ मार्ग से गुजरने वाले शिवभक्तों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए सभी दुकानदार प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि मुजफ्फरनगर में शिवभक्त कांवड़ियों की आमद बढ़ चुकी है। इसे देखते हुए मीनाक्षी चौक स्थित मीट की दुकानों और नॉनवेज होटल संचालकों के साथ वार्ता की गई है। सभी को निर्देशित किया गया है कि वे मीट को हरे या किसी अन्य कपड़े से ढककर रखें और खुले में प्रदर्शित न करें।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश प्राप्त होने के बाद कांवड़ यात्रा के दौरान संबंधित दुकानों को बंद कराने को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, यातायात को सुचारु रखना और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए यात्रा को सकुशल संपन्न कराना है।
प्रशासन ने होटल एवं दुकान संचालकों से आपसी सहयोग बनाए रखने और जारी निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 29 July 2026, 12:40 AM IST