Muzaffarnagar: पुलिस दबिश के दौरान भारी बवाल, परिजनों ने हाथापाई कर पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाया आरोपी

मुजफ्फरनगर के खतौली में पुलिस दबिश के दौरान बवाल। एनडीपीएस एक्ट के वांछित अभियुक्त विनोद शेरवान को परिजनों ने पुलिस से हाथापाई कर छुड़ाया। पुलिस ने दर्ज किया गंभीर धाराओं में मुकदमा, देखें वायरल वीडियो।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 16 April 2026, 12:54 AM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में बुधवार को पुलिस दबिश के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक वांछित अपराधी को पकड़ने गई टीम पर परिजनों ने हमला बोल दिया। मामला खतौली कोतवाली क्षेत्र के देवीदास मोहल्ले का है। यहाँ पुलिस एनडीपीएस एक्ट (नशीले पदार्थों की तस्करी) के मुकदमे में फरार चल रहे पूर्व सभासद विनोद शेरवान को गिरफ्तार करने पहुंची थी।

पुलिस ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में ले लिया था, लेकिन तभी परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते महिलाओं और पुरुषों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी और जबरन अभियुक्त को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया। मौका मिलते ही आरोपी विनोद शेरवान फरार हो गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो: पुलिस से भिड़ती दिखीं महिलाएं

इस पूरी घटना का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी के घर की महिलाएं और पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ उलझ रहे हैं और कानून को हाथ में लेकर अभियुक्त को भगाने में मदद कर रहे हैं। इस वायरल वीडियो ने पुलिसिया इकबाल पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exclusive Report: नोएडा में कंपनी मालिकों ने क्यों मांगा पिस्टल का लाइसेंस, मजदूरों के हिंसक आंदोलन के बाद बदल जाएगी शहर की तस्वीर

पुलिस की कार्रवाई: परिजनों पर भी दर्ज हुआ मुकदमा

इस दुस्साहस के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में है। पुलिस ने न केवल फरार अभियुक्त की तलाश तेज कर दी है, बल्कि पुलिस कार्य में बाधा डालने और हाथापाई करने के आरोप में परिजनों के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Fatehpur: सीबीएसई 10वीं में फतेहपुर के छात्रों ने लहराया परचम, 53 से ज्यादा विद्यार्थियों के 90% प्लस अंक

सीओ खतौली रामाशीष यादव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया:

"कल 15 अप्रैल 2026 को थाना खतौली पुलिस एनडीपीएस एक्ट से संबंधित वांटेड अभियुक्त विनोद मेंबर को पकड़ने गई थी। उसके परिजनों द्वारा पुलिस के साथ मुजम्मत (हाथापाई) कर उसे छुड़ा लिया गया। इस संदर्भ में उचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है और अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही अग्रिम वैधानिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।"

आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी

फिलहाल, पुलिस की कई टीमें फरार पूर्व सभासद और उसके सहयोगियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि कानून के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  16 April 2026, 12:54 AM IST