हिंदी
दोस्तों ने पिलाई शराब, पैरों पर भी नहीं खड़ा हो सका दूल्हा (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब दूल्हा नशे में धुत होकर बारात लेकर दुल्हन के दरवाजे पहुंचा। दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ और मौके पर पुलिस को पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार फुगाना थाना क्षेत्र के डूंगरपुर गांव निवासी शिवम की बारात बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के टांडा माजरा गांव में करिश्मा से शादी के लिए पहुंची थी। आरोप है कि बारात के दौरान दोस्तों ने दूल्हे को इतनी शराब पिला दी कि वह दुल्हन के दरवाजे पर अपने पैरों पर भी ठीक से खड़ा नहीं हो पाया। उसकी हालत देखकर लड़की पक्ष ने कड़ा विरोध जताया।
लड़की पक्ष का आरोप है कि नशे की हालत में दूल्हे ने बुलेट मोटरसाइकिल की मांग भी कर दी। इसके बाद माहौल और बिगड़ गया। दुल्हन करिश्मा ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। वायरल वीडियो में दूल्हा नेकर-बनियान में चारपाई पर लेटा दिखाई दे रहा है, जिसने पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया।
बदला मौसम का मिजाज: नोएडा समेत पूरे एनसीआर में झमाझम बारिश, लोगों को मिली गर्मी से राहत
दुल्हन के पिता सरदामल ने बताया कि शादी के लिए उन्होंने करीब सात लाख रुपये खर्च किए थे, जिनमें बड़ी रकम कर्ज लेकर जुटाई गई थी। उन्होंने कहा कि वह मजदूरी कर परिवार चलाते हैं और अब उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। उन्होंने प्रशासन से शादी में हुए खर्च की भरपाई कराने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के नशे में होने की शिकायत की है। पुलिस को जो भी लिखित शिकायत मिलेगी, उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 7 July 2026, 2:43 PM IST