पूर्व विधायक एवं लोकतंत्र सेनानी रुद्र प्रताप सिंह का निधन, शिक्षा और समाज सेवा जगत में शोक की लहर

देवरिया सदर के पूर्व विधायक, लोकतंत्र सेनानी और वरिष्ठ शिक्षाविद रुद्र प्रताप सिंह का गोरखपुर के निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन से पूरे जनपद में शोक की लहर है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 7 July 2026, 4:18 PM IST
google-preferred

Deoria: देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक, वरिष्ठ शिक्षाविद, लोकतंत्र सेनानी एवं समाजसेवी रुद्र प्रताप सिंह का गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे देवरिया जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षिक संगठनों ने इसे जनपद के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

शिक्षा के क्षेत्र में दिया अहम योगदान

मूल रूप से भाटपार रानी क्षेत्र के ग्राम पकड़ी बाबू निवासी रुद्र प्रताप सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया इंटरमीडिएट कॉलेज, पकड़ी बाबू में प्रधानाध्यापक के रूप में लंबे समय तक सेवाएं दीं। इसके अलावा उन्होंने एक शिक्षण संस्थान की स्थापना कर शिक्षा के प्रसार और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए जीवनभर कार्य किया।

1980 में बने थे देवरिया सदर के विधायक

रुद्र प्रताप सिंह ने वर्ष 1980 में जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में देवरिया सदर विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक बनने का गौरव हासिल किया। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने सादगी, ईमानदारी और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी। विधानसभा में भी उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाया।

लोकतंत्र सेनानी और समाजसेवी के रूप में बनाई पहचान

राजनीतिक जीवन के साथ-साथ वह लोकतंत्र सेनानी और सक्रिय समाजसेवी भी रहे। उन्होंने शिक्षा, समाज सेवा और जनकल्याण को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया। वर्तमान में वह देवरिया शहर के भीखमपुर रोड स्थित आवास पर परिवार के साथ रह रहे थे।

जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने जताया शोक

रुद्र प्रताप सिंह के निधन पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया। शोक संदेशों में कहा गया कि उनका सादा जीवन, उच्च विचार और समाज के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।

Location :  Deoria

Published :  7 July 2026, 4:18 PM IST

Advertisement