नाबालिग की शादी कराई तो पंडित से लेकर बैंड-बाजा वालों तक की बढ़ेंगी मुश्किलें! 2 साल जेल और 1 लाख जुर्माने का प्रावधान

देवरिया में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है। नाबालिग की शादी कराने या उसे बढ़ावा देने वालों पर दो साल तक की जेल और एक लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है। माता-पिता के अलावा पंडित-मौलवी, बाराती, बिचौलिए और शादी में सहयोग करने वाले लोग भी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। जानिए बाल विवाह कानून और शिकायत करने के हेल्पलाइन नंबर।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 27 November 2026, 5:08 PM IST
google-preferred

Deoria: बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत शुक्रवार को देवरिया पुलिस लाइन के प्रेक्षागृह में विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू) और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय गुप्ता ने की, जबकि संचालन जिला बाल संरक्षण इकाई के संरक्षण अधिकारी जय प्रकाश तिवारी ने किया।

लड़की 18 और लड़का 21 साल से कम तो बाल विवाह

बैठक में संरक्षण अधिकारी जय प्रकाश तिवारी ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानून के मुताबिक लड़की की उम्र 18 साल और लड़के की उम्र 21 साल से कम होने पर विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। उन्होंने साफ किया कि बाल विवाह कराना या करवाना संज्ञेय और गैर जमानती अपराध है। यानी इस तरह के मामले में कानून के तहत गंभीर कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने लोगों को चेताया कि नाबालिग बच्चों की शादी को पारिवारिक या सामाजिक मामला समझकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ऐसा करने वालों को कानूनी परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

देवरिया पुलिस की बड़ी कामयाबी, मोबाइल हैक कर उड़ाए गए थे 30 हजार, खाते में वापस आई रकम तो छलकी राहत की मुस्कान

ये सब आ सकते हैं कार्रवाई की जद में

इस बैठक में सबसे अहम जानकारी यह दी गई कि बाल विवाह कराने या उसे बढ़ावा देने में शामिल लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है। कानून के दायरे में सिर्फ लड़का-लड़की के माता-पिता या अभिभावक ही नहीं आते, बल्कि शादी में सहयोग करने वाले दूसरे लोग भी शामिल हो सकते हैं। अधिकारियों के मुताबिक, बाल विवाह में शामिल बाराती, रिश्तेदार, पंडित, मौलवी, पादरी, बिचौलिए, टेंट संचालक, बैंड वाले, फोटोग्राफर और हलवाई जैसे लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है, अगर उनकी भूमिका बाल विवाह को प्रोत्साहित करने या संरक्षण देने में पाई जाती है।

बच्चों की जिंदगी पर पड़ता है बुरा असर

बैठक में अधिकारियों ने बाल विवाह के गंभीर दुष्परिणामों पर भी चर्चा की। बताया गया कि कम उम्र में शादी होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और उनके बेहतर भविष्य के रास्ते बंद होने लगते हैं। खासतौर पर किशोरियों के लिए कम उम्र में विवाह और गर्भधारण गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है। इससे मां और बच्चे दोनों की जान को खतरा हो सकता है।

Deoria News

देवरिया में बाल विवाह के खिलाफ सख्ती (IMG: Dynamite News)

जांच और उम्र निर्धारण में परेशानी हो तो यहां करें संपर्क

बैठक में अपर उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय गुप्ता ने मेडिकल परीक्षण और उम्र निर्धारण के दौरान आने वाली समस्याओं पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कई बार बाल विवाह से जुड़े मामलों में बच्चों की सही उम्र निर्धारित करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसी स्थिति में संबंधित अधिकारियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मेडिकल परीक्षण या उम्र निर्धारण में किसी भी तरह की दिक्कत आने पर उनसे संपर्क किया जा सकता है। समस्या का तत्काल समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

देवरिया में एक ऑफिस, 73 पासपोर्ट और विदेश में नौकरी का सपना! पुलिस की छापेमारी में चौंकाने वाला खुलासा

बाल विवाह की जानकारी मिले तो इन नंबरों पर करें शिकायत

अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि अगर कहीं बाल विवाह होने की जानकारी मिलती है तो चुप न रहें। समय रहते सूचना देने से बच्चों को इस तरह की शादी से बचाया जा सकता है। इसके लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और पुलिस हेल्पलाइन 112 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी, बाल कल्याण समिति, जिलाधिकारी, न्यायालय, स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन को भी सूचना दी जा सकती है।

बच्चों की सुरक्षा के लिए अधिकारियों ने दिए जरूरी निर्देश

बैठक में बाल कल्याण समिति के सदस्य विवेकानंद मिश्र ने कहा कि कम उम्र में बच्चों की शादी समाज के लिए अभिशाप है। इसे रोकने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने और प्रभावी कार्रवाई करने की जरूरत है। वहीं रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक अमरनाथ ने बच्चों की सुरक्षा और बचाव को लेकर सतर्क रहने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।

Location :  Deoria

Published :  27 November 2026, 5:08 PM IST

Related News

Advertisement