हिंदी
धूँ-धूँ कर जलता वाहन
सोनभद्र: जिले के चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत वाराणसी-शक्तिनगर राज्यमार्ग पर स्थित मालोघाट क्षेत्र के टोल प्लाजा के करीब देर रात एक वाहन में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वाहन से उठती आग की ऊँची-ऊँची लपटों और काले धुएं ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया। देखते ही देखते आग पूरी गाड़ी को अपने चपेट में ले लिया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, डाला से गिट्टी लोड कर एक वाहन ड्राइवर रेणुकूट की ओर जा रहा था। जब वह मालोघाट क्षेत्र के पास टोल प्लाजा के करीब पहुँचा, तभी अचानक वाहन में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ड्राइवर को अपनी जान बचाने के लिए वाहन के केबिन से कूदना पड़ा। गनीमत रही कि ड्राइवर को समय रहते आग का आभास हो गया और वह सही समय पर बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई।
वाहन धूँ-धूँ कर जलता रहा और लोग दूर से खड़े होकर देखते रहे। देखते ही देखते वाहन पूरी तरह से आग की चपेट में आ गया और जलकर खाक हो गया। इस दौरान हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और यातायात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड को भी तुरंत बुलाया गया, लेकिन जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुँचती, तब तक वाहन पूरी तरह से जल चुका था। फायर ब्रिगेड ने आग को पूरी तरह से बुझाने का कार्य किया ताकि कोई और वाहन या व्यक्ति प्रभावित न हो।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट या इंजन के अधिक गर्म होने के चलते वाहन में आग लगी हो सकती है।
गौरतलब है कि इस घटना के चलते राज्यमार्ग पर घंटों यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस और प्रशासन की मदद से जले हुए वाहन को किनारे करवा कर यातायात सामान्य कराया गया।
यह पहली बार नहीं है जब इस क्षेत्र में वाहनों में आग लगने की घटना सामने आई है।
Location : Sonbhadra, UP
Published : 27 April 2025, 10:15 AM IST
Topics : Shaktinagar sonbhadra news UP News