मुजफ्फरनगर : शराब पार्टी में दोस्त की हत्या, शव जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश;

मुजफ्फरनगर के तीर्थ नगरी शुक्रताल में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दोस्तों ने मिलकर एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को चिता पर जलाने की कोशिश की। पुलिस ने 10 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए मुठभेड़ में एक आरोपी को घायल कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 30 May 2026, 9:25 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar : तीर्थ नगरी शुक्रताल में शुक्रवार देर रात हुई एक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। शराब पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद इतना खूनी हो गया कि दोस्तों ने ही अपने साथी को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव को श्मशान घाट ले जाकर चिता पर जलाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की तत्परता ने उनकी साजिश को नाकाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जलती चिता से शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। महज 10 घंटे के भीतर पुलिस ने न केवल हत्याकांड का खुलासा किया।

शराब पार्टी में शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार भौराकला थाना क्षेत्र के सिसौली गांव निवासी 30 साल अंकुर पिछले कुछ समय से शुक्रताल में रहकर मजदूरी करता था। शुक्रवार रात वह अपने कुछ दोस्तों के साथ शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। यह देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि अंकुर के दोस्तों ने शराब के नशे में उसे लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव को चिता पर जलाकर मिटाना चाहते थे सबूत

हत्या के बाद आरोपी घबरा गए और वारदात को छिपाने के लिए अंकुर के शव को पास के श्मशान घाट ले गए। वहां चिता सजाकर शव को जलाने का प्रयास किया गया ताकि हत्या के सबूत खत्म हो जाएं। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जलती चिता से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मुजफ्फरनगर में होटल मालिक को गोली मारने वाला निकला नेशनल शूटर, सिगरेट नहीं मिलने पर दबंगई

पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल

जांच के दौरान पुलिस को चार आरोपियों के नाम पता चले। सूचना मिली कि आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सन्नी नामक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि राजपाल, सुमित अघोरी और मनमोहन को कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

हथियार और कार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ऑल्टो कार, 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा और हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि शराब के नशे में विवाद बढ़ने पर उन्होंने मिलकर अंकुर पर हमला किया था।

SSP ने बताया पूरा घटनाक्रम

मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि हत्या के मामले में थाना भोपा में बीएनएस की धारा 103 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस मुठभेड़ के बाद धारा 109 बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मात्र 10 घंटे के भीतर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Location :  Muzaffarnagar

Published :  30 May 2026, 9:25 PM IST

Advertisement