हिंदी
कोल्हुई क्षेत्र
Maharajganj : सोनौली कस्बे के एक निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया है। इलाज और ऑपरेशन में कथित लापरवाही के आरोपों ने पूरे मामले को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। महिला की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। मामले में कोल्हुई क्षेत्र के एक कथित डॉक्टर का नाम भी सामने आ रहा है। जिस पर ऑपरेशन करने का आरोप लगाया जा रहा है । हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार फरीदा खातून, पत्नी अब्दुल करीम, प्रसव की संभावित तिथि नजदीक आने पर जांच कराने के लिए सोनौली कस्बे के न्यू एसएसबी रोड स्थित मदरहुड हॉस्पिटल पहुंची थीं। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया और 23 मई को उनका ऑपरेशन किया गया। परिवार का कहना है कि ऑपरेशन के कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और हालत लगातार गंभीर होती चली गई।
परिजनों के मुताबिक मरीज की हालत गंभीर होने के बावजूद अस्पताल प्रशासन ने समय रहते सही जानकारी नहीं दी। जब स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी तो महिला को पहले महराजगंज के केएमसी अस्पताल भेजा गया। वहां भी स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उसे तत्काल लखनऊ के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि लखनऊ पहुंचने के कुछ ही समय बाद प्रसूता की मौत हो गई।
महराजगंज में रात के अंधेरे में कौन फैला रहा दहशत? चार दुकानों के टूटे ताले से मचा हड़कंप
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने मदरहुड हॉस्पिटल का घेराव कर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। सूचना मिलने पर सोनौली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन में उसकी भूमिका रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच पूरी होने के बाद ही तथ्यों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। परिजनों ने दोषी चिकित्सकों और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 30 May 2026, 8:30 PM IST