ग्रेटर नोएडा पुलिस को चुनौती: पता पूछने के बहाने दिनदहाड़े युवती से नया iPhone 18 Pro छीनकर बदमाश ले उड़े

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा में बैठी युवती से नया iPhone 18 Pro लूट लिया। पीड़िता ने बताया कि फोन खरीदने के तीन दिन बाद ही बदमाशों ने उसे झपट लिया। पुलिस ने FIR दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 22 September 2026, 10:50 AM IST
google-preferred

ग्रेटर नोएडा वेस्ट: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सोमवार सुबह मोबाइल लूट की एक वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। बिसरख थाना क्षेत्र के मूर्ति गोलचक्कर के पास बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ई-रिक्शा में बैठी एक युवती से उसका नया iPhone 18 Pro छीन लिया और फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि युवती ने यह महंगा फोन घटना से महज तीन दिन पहले ही खरीदा था। वारदात के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

ऑनलाइन पेमेंट करते समय बदमाशों ने बनाया निशाना

पीड़िता की पहचान शुभी भंडारी के रूप में हुई है, जो ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सेंचुरियन पार्क सोसाइटी में रहती हैं। सोमवार सुबह वह अपने ऑफिस जाने के लिए घर से निकली थीं।

जानकारी के मुताबिक, जब वह मूर्ति गोलचक्कर के पास ई-रिक्शा से जा रही थीं, तभी उन्हें किराये का ऑनलाइन भुगतान करना था। इसी दौरान उन्होंने अपना मोबाइल फोन निकाला।

रास्ता पूछने के बहाने पहुंचे बदमाश

आरोप है कि इसी दौरान हेलमेट पहने दो बाइक सवार बदमाश उनके पास पहुंचे। बदमाशों ने पहले युवती से रास्ता पूछने का बहाना बनाया।

इसके बाद उनकी नजर युवती के हाथ में मौजूद नए iPhone पर गई। बदमाशों ने कथित तौर पर पूछा कि क्या यह नया iPhone मॉडल है। जैसे ही युवती ने इसका जवाब दिया, बदमाशों ने अचानक उनके हाथ से फोन छीना और बाइक से फरार हो गए।

तीन दिन पहले खरीदा था नया iPhone

पीड़िता के पति साकेत गुप्ता ने बताया कि यह iPhone उन्होंने काफी उत्साह के साथ महज तीन दिन पहले खरीदा था। घटना के बाद परिवार ने बिसरख थाने में शिकायत दर्ज कराई।

बिसरख थाना प्रभारी रणजीत सिंह के मुताबिक, पीड़िता के पिता की ओर से ऑनलाइन FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

CCTV फुटेज से बदमाशों की तलाश

पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों के आने-जाने वाले रास्तों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में सुबह के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। निवासियों का कहना है कि प्रमुख सड़कों और चौराहों पर निगरानी बढ़ाए जाने की जरूरत है।

Location :  New Delhi

Published :  22 September 2026, 10:11 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement