हिंदी
महिला ने पति पर अपहरण का लगाया आरोप (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Meerut: मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर अपहरण करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि वह किसी तरह आरोपी पति के चंगुल से निकलकर मेरठ पहुंची और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पहलवान कॉलोनी निवासी लायबा ने पुलिस को बताया कि करीब चार साल पहले उसकी शादी हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के पिपलेड़ा गांव निवासी दानिश से हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद उसे पता चला कि उसका पति कथित तौर पर गोकशी के मामलों में शामिल है। उसने इसका विरोध किया और यह काम छोड़ने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा। महिला का कहना है कि बाद में दानिश ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया।
यह भी पढ़ें- Meerut News: घर में अकेली थी किशोरी, तभी हुआ कुछ ऐसा… मोहल्ले में मच गया हड़कंप
महिला के अनुसार, इसके बाद उसने अपनी मर्जी से मेरठ के फतेहउल्लापुर स्थित पहलवान कॉलोनी निवासी आरिफ से निकाह कर लिया और उसके साथ रहने लगी। लायबा का आरोप है कि करीब आठ दिन पहले जब उसका दूसरा पति काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था, तभी दानिश चार-पांच अन्य लोगों के साथ कार लेकर उसके घर पहुंचा। महिला का दावा है कि सभी ने मिलकर उसे जबरन कार में बैठाया और हापुड़ ले गए।
महिला का आरोप है कि उसे आठ दिन तक एक मकान में बंधक बनाकर रखा गया और बाहर लोगों की निगरानी लगी रहती थी, ताकि वह वहां से निकल न सके। उसका कहना है कि हापुड़ पुलिस किसी मामले में दानिश की तलाश में वहां पहुंची। इस दौरान आरोपी कथित तौर पर मौके से फरार हो गया और उसे वहां से निकलने का मौका मिल गया। इसके बाद वह मेरठ पहुंची और शनिवार शाम लोहियानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें-Meerut News: तेज रफ्तार कार ने पुलिस से बात कर रहे युवक को मारी टक्कर, फिर हुआ ऐसा, पढ़कर आप हो जाओगे हैरान
लोहियानगर थाना प्रभारी सुमित तोमर ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हो गई है। शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Location : Meerut
Published : 12 July 2026, 10:25 AM IST