हिंदी
रिहायशी मकान में लगी भीषण आग
Balrampur: बलरामपुर नगर के पूरब टोला वार्ड में गुरुवार की रात अचानक ऐसा मंजर बना जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। संजय गांधी स्कूल के पास स्थित एक रिहायशी मकान में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और चारों तरफ धुएं और लपटों का गुबार फैल गया। घर के भीतर से आ रही चीखों ने आसपास के लोगों को घरों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया।
हादसे की शुरुआत गुरुवार शाम करीब आठ बजे हुई। पड़ोस में पढ़ाई कर रहा एक बच्चा जब घर के भीतर से तेज आवाजें और चीखें सुनकर बाहर निकला, तो उसने ऊपरी मंजिल से उठती आग की लपटें देखीं। यह दृश्य देखकर उसने तुरंत शोर मचाया और आसपास के लोगों को बुलाया।
जानकारी के मुताबिक यह मकान सुरेंद्र मिश्रा का है, जिसमें आनंद मिश्रा अपने परिवार के साथ किरायेदार के रूप में रहते थे। आग लगने के दौरान आनंद मिश्रा और उनके दो बेटे घर के अंदर मौजूद थे। आग की चपेट में आने से तीनों झुलस गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आनंद मिश्रा करीब 15 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। वहीं उनके बच्चों को भी चोटें आई हैं। एक बच्चे के शरीर का लगभग पांच प्रतिशत हिस्सा और दूसरे का करीब तीन प्रतिशत हिस्सा झुलसने की बात सामने आई है।
बलरामपुर में ईंधन संकट पर सपा का हल्ला बोल, कलेक्ट्रेट घेरकर प्रशासन को दी चेतावनी
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तब तक आग काफी फैल चुकी थी और घर के अंदर रखा सामान जलने लगा था। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में दमकल टीम का सहयोग किया। आग की वजह से घर के भीतर रखा फर्नीचर, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान और जरूरी दस्तावेज जलकर खाक हो गए। घटना के बाद परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
आग में झुलसे लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की निगरानी में घायलों का इलाज जारी है। परिवार और रिश्तेदार अस्पताल में मौजूद हैं और घायलों की हालत पर नजर रखे हुए हैं।
बलरामपुर में चोरी का खुलासा, मोबाइल बेचने वाला और खरीदने वाला दोनों गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम और क्षेत्राधिकारी नगर ज्योति श्री मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी।
Location : Balrampur
Published : 24 April 2026, 2:50 PM IST